हरेला महोत्सव पर वन पंचायत पुनेठी में वृहद वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
चम्पावत। हरेला महोत्सव-2026 के अवसर पर जनपद चम्पावत की वन पंचायत पुनेठी में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पर्यावरण संरक्षण संबंधी संदेश तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से प्रेरणा लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। साथ ही गुणवत्तायुक्त वानिकी, ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने और हरित उत्तराखण्ड के निर्माण में जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय ने सभी जनपदवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेला केवल एक लोकपर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और धरती माँ की सेवा का पर्व है। उन्होंने कहा कि वृक्ष जल और भूमि संरक्षण के आधार हैं तथा जंगल धरती माँ के आभूषण हैं। इसलिए सभी लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में इस वर्ष हरेला महोत्सव पर पूरे प्रदेश में 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें 5.5 लाख पौधे कुमाऊँ मंडल और 4.5 लाख पौधे गढ़वाल मंडल में लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनपद चम्पावत में लगभग 70 हजार पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसके तहत बांज, पांगर, पदम, उतीश, फ्लाइट सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनका संरक्षण कर उन्हें वृक्ष बनाना है। जनसहभागिता से ही हरित एवं समृद्ध उत्तराखण्ड का सपना साकार हो सकता है। उन्होंने हरेला को उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक और पर्यावरणीय परंपरा का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान, कृषि समृद्धि और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित विरासत सुरक्षित रखने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, एसडीओ फॉरेस्ट सुनील कुमार, नेहा चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।


