क्राइमनवीनतमनैनीताल

पति के दोस्त पर महिला ने लगाया दुष्कर्म का आरोप, बच्ची के साथ जंगल ले जाने का दावा

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी/लालकुआं। नैनीताल जिले के हल्द्वानी क्षेत्र से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति के दोस्त पर उसे सुलह कराने और घर छोड़ने के बहाने टांडा के जंगल में ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला के साथ उस समय उसकी सात माह की बच्ची भी थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जवाहर नगर गौला नदी क्षेत्र निवासी दंपती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद महिला अपनी सात माह की बेटी को लेकर लालकुआं रेलवे स्टेशन पहुंची। इसी दौरान उसके पति के दोस्त को महिला के स्टेशन पहुंचने की जानकारी मिली। आरोप है कि वह बाइक लेकर स्टेशन पहुंचा और महिला को भरोसा दिलाया कि वह उसके पति से बातचीत कर विवाद सुलझा देगा और उसे घर तक छोड़ देगा।

Ad Ad

महिला के मुताबिक, इसी भरोसे पर वह अपनी बच्ची के साथ आरोपी की बाइक पर बैठ गई। पीड़िता का आरोप है कि हल्द्वानी की ओर जाने के दौरान आरोपी ने आईओसी डिपो के पास बाइक मुख्य सड़क से मोड़ दी और उसे टांडा के जंगल की ओर ले गया। महिला के अनुसार, जंगल में आरोपी ने उसकी सात माह की बच्ची को अलग बैठाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। कथित घटना के बाद आरोपी उसे देर रात हल्द्वानी के गौला पुल के पास छोड़कर चला गया। इसके बाद महिला लालकुआं कोतवाली पहुंची और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम महिला को साथ लेकर बताए गए घटनास्थल पर पहुंची और मौका-मुआयना किया। पुलिस घटनास्थल तक पहुंचने वाले रास्तों और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है। लालकुआं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। घटना की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।