चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमराजनीति

पाटी नगर पंचायत चुनाव: अध्यक्ष पद के लिए 4 और सभासदों के लिए 16 प्रत्याशियों ने भरा पर्चा

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत/पाटी। नगर पंचायत पाटी के पहले चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन के अंतिम दिन, आज 29 मई को विभिन्न पदों के लिए कुल 20 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इसमें अध्यक्ष पद के लिए 4 उम्मीदवारों और 4 वार्डों में सभासद पदों के लिए कुल 16 प्रत्याशियों ने अपने पर्चे भरे हैं। पाटी नगर पंचायत में वर्तमान में कुल 1984 मतदाता हैं।

नगर पंचायत के पहले अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल होने वाले 4 प्रमुख चेहरों में नवीन राम (भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी), नारायण लाल, नारायण राम व पार्वती देवी शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा नवीन राम को प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में एक बड़ा जुलूस निकालकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।

Ad Ad
जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत व अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ नामांकन कराने जाते पाटी नगर पंचायत अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी नवीन राम।

नगर पंचायत के सभी 4 वार्डों से सभासद बनने के लिए कुल 16 उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश की है। रानीचौड़ वार्ड से खीमा देवी, रुक्मणी देवी, शांति देवी और सुनीता देवी, जौलाड़ी वार्ड से दिनेश मेहता, कमल मेहता, मनीषा मेहता, बबलू सिंह, विवेक बिष्ट व सोनी बिष्ट ने, न्यू कॉलोनी वार्ड से दीपक सोराड़ी, संजय प्रसाद, नवल पचौली और विनोद सोराड़ी तथा पूनाकोट वार्ड से मनीषा और संगीता ने दावेदारी पेश की है।

चुनाव आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार 30 मई को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी। 31 मईदोपहर 3:00 बजे तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। 01 जून सुबह 10:00 बजे से प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। 09 को जून नगर पंचायत पाटी के लिए मतदान (वोटिंग) होगी। 11 जून को मतगणना (काउंटिंग) होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।

ऐसा है जमीनी राजनीतिक माहौल…

नामांकन होने के साथ ही क्षेत्र का राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। चुनाव चिन्ह मिलने के बाद चुनाव प्रचार के और तेज होने की उम्मीद है, हालांकि कई संभावित प्रत्याशी पहले से ही वार्डों में जाकर जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि पाटी नगर पंचायत का पहला चुनाव क्षेत्र की राजनीति में एक बड़ा बदलाव ला सकता है। फिलहाल जनता अपने पत्ते नहीं खोल रही है और अंदरखाने बैठकों का दौर जारी है।

Ad Ad