टनकपुर में धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर को लेकर पुलिस की कार्रवाई, जिम्मेदारों को नोटिस
टनकपुर/चम्पावत। धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को लेकर टनकपुर पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक चम्पावत श्रीमती रेखा यादव के निर्देश पर पुलिस ने क्षेत्र के मंदिर, मस्जिद और अन्य धार्मिक स्थलों का निरीक्षण कर लाउडस्पीकर के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक टनकपुर चेतन रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धार्मिक स्थलों के जिम्मेदार व्यक्तियों को नोटिस तामील कराए। उन्हें निर्देशित किया गया कि लाउडस्पीकर का प्रयोग निर्धारित ध्वनि सीमा और शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही किया जाए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी धार्मिक अथवा सार्वजनिक आयोजन में लाउडस्पीकर का इस्तेमाल करने के लिए पहले सक्षम स्तर से आवश्यक अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य है। इसके साथ ही निर्धारित ध्वनि स्तर और समय-सीमा का पूरी तरह पालन करना होगा।




पुलिस ने कहा कि धार्मिक आस्था और परंपराओं का सम्मान करते हुए सार्वजनिक शांति, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। टनकपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लाउडस्पीकर के इस्तेमाल से पहले आवश्यक अनुमति प्राप्त करें, निर्धारित नियमों का पालन करें और क्षेत्र में धार्मिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें। चम्पावत पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था, शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

