उधमसिंह नगरनवीनतमहादसा

रुद्रपुर : एयरबैग खुलने के बाद भी नहीं बच सके बार संचालक; परिजन बोले- हत्या है

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर। इंदिरा कॉलोनी मार्ग पर बुधवार देर रात एक लग्जरी कार के डिवाइडर से टकराने के बाद किच्छा निवासी स्पा व बार संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों ने कारोबारी की हत्या के आरोप लगाए हैं।

वार्ड पांच आवास विकास किच्छा निवासी संजय शर्मा (56) स्पा सेंटर और बार व्यवसाय से जुड़े थे। उनका मेट्रोपोलिस मॉल में स्पा सेंटर संचालित है, जबकि किच्छा बाईपास पर भी उनका एक बार बताया जा रहा है। व्यवसायिक कार्यों के सिलसिले में उनका रुद्रपुर आना-जाना लगा रहता था। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात संजय शर्मा अपनी कार से एक महिला सहयोगी के साथ इंदिरा कॉलोनी से किच्छा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बालाजी द्वार के पास आदर्श कॉलोनी-इंदिरा कॉलोनी मार्ग पर उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हुआ और एयरबैग भी खुल गए। घटना की सूचना मिलते ही आदर्श कॉलोनी चौकी प्रभारी प्रदीप पंत, उपनिरीक्षक प्रदीप कोहली और रम्पुरा चौकी प्रभारी पंकज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक घायल संजय को जिला अस्पताल ले जाया जा चुका था जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Ad Ad

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक के सीने में गोली जैसे गहरे घाव के निशान मिले हैं। हादसे के बाद वह खून से लथपथ अवस्था में पाए गए। वहीं, दुर्घटना के समय कार में मौजूद बताई जा रही महिला सहयोगी मौके पर नहीं मिली। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि कार के केवल मामूली रूप से क्षतिग्रस्त होने और एयरबैग खुलने के बावजूद सीने में गहरा घाव कैसे आया। आरोप है कि यह हादसा नहीं बल्कि हत्या है। वहीं सीओ विभव सैनी ने कहा है कि पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी पहलुओं की मदद से पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

Ad