स्कूल गई 10वीं की छात्रा किशोर संग भागी, घर से मां के लाखों के गहने भी ले गई, CCTV में कैद हुई स्कूटी
हल्द्वानी। नगर के एक प्रतिष्ठित स्कूल की 10वीं कक्षा की छात्रा अपनी मां के लाखों रुपये मूल्य के सोने के जेवरात लेकर एक किशोर के साथ भाग गई। परिजनों ने इस मामले में हल्द्वानी कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज करा दी है। शहर निवासी व्यक्ति ने बृहस्पतिवार को कोतवाली में तहरीर दी। उनके अनुसार एक जुलाई की सुबह उन्होंने अपनी 15 वर्षीय बेटी को नैनीताल रोड के निकट स्थित उसके स्कूल के गेट पर छोड़ा था। दोपहर 3:15 बजे छुट्टी होने पर वह बेटी को लेने स्कूल गए तो पता चला कि वह स्कूल नहीं आई है। इस पर उन्हाेंने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
उनके अनुसार बेटी घर से सोने के चार कड़े, छह अंगूठियां और 10 हजार की नकदी भी ले गई है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो पता चला कि छात्रा एक युवक के साथ स्कूटी पर बैठकर गई है। परिजनों ने बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि छात्रा शहर के ही एक अन्य स्कूल के छात्र के साथ गई है। छात्र भी नाबालिग है। पुलिस टीमें यूपी और उसके आसपास के राज्यों में छात्रा की बरामदगी को दबिश दे रही है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया है कि छात्रा के स्कूल गेट से नदारद होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उसकी बरामदगी के लिए पुलिस टीमें लगी हैं। उम्मीद है जल्द सफलता मिल जाएगी।

