उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरी कार, चालक समेत दो की मौत, तीन घायल
चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही थी वैगनआर कार; पाली गांव के पास हुआ हादसा, पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान
श्रीनगर। उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देवप्रयाग के पास पाली गांव में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घायलों को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के मुताबिक, हरियाणा नंबर की वैगनआर कार संख्या HR-68 C1242 चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग की ओर जा रही थी। देवप्रयाग से करीब चार किलोमीटर श्रीनगर की ओर ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में चालक समेत पांच लोग सवार थे।
दो की मौत, तीन घायल
हादसे की सूचना मिलने पर देवप्रयाग पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई में गिरे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में चालक अनिल और सत्येश्वरी देवी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी बागी, देवप्रयाग पहुंचाया गया। कीर्तिनगर के एसडीएम पंकज भट्ट के अनुसार, कार चंडीगढ़ से आ रही थी। दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में मृतकों और घायलों के नाम
मृतक
- सत्येश्वरी देवी (72 वर्ष), पत्नी हुकम सिंह चौहान, निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, जिला चमोली।
- अनिल, पुत्र सुदर्शन, निवासी किमोली, जिला चमोली। अनिल कार चला रहे थे।
घायल
- उत्तम सिंह (33 वर्ष), पुत्र मोहन सिंह, निवासी लाडोली, जिला रुद्रप्रयाग।
- टीशा रावत (18 वर्ष), पुत्री लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी बीना, थाना रुद्रप्रयाग।
- सुनीता देवी (45 वर्ष), पत्नी लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी बीना, थाना रुद्रप्रयाग।
जांच में जुटी पुलिस
देवप्रयाग पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

