एसपी रेखा यादव का सख्त संदेश: अपराधियों पर प्रहार, फरियादियों को त्वरित न्याय; बेहतर पुलिसिंग के लिए दिए कड़े निर्देश
चम्पावत। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने पुलिस लाइन चम्पावत में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित कर कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई की समीक्षा की। बैठक में पिछले माह दिए गए निर्देशों की प्रगति का मूल्यांकन करते हुए उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर पुलिसिंग और जनविश्वास मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान एसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों की व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं विभागीय समस्याओं की जानकारी लेकर उनके समाधान के निर्देश भी दिए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। उपनिरीक्षक तेज कुमार को “बेस्ट एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ” चुना गया, जबकि नौ अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
एसपी रेखा यादव ने निर्देश दिए कि थानों में आने वाली प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखते हुए उनकी संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने और भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली पोस्टों पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में नेपाल सहित अन्य देशों के अभियुक्तों के विरुद्ध न्यायालय की आदेशिकाओं की प्रभावी तामील, ई-ऑफिस प्रणाली के अधिकतम उपयोग, केस ऑफिसर स्कीम के प्रभावी क्रियान्वयन तथा GMIS, CRI, MEC, CIR और NETGRID जैसे डिजिटल पोर्टलों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने राहगीर सहायता योजना, प्रधानमंत्री राहत योजना सहित जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। साथ ही “ऑपरेशन कालनेमी” के तहत साधु-संतों के वेश में या अन्य भ्रामक तरीकों से धार्मिक भावनाओं का दुरुपयोग कर ठगी करने वालों के विरुद्ध सत्यापन अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को MRM, GRM, समन्वय पोर्टल एवं सहयोग पोर्टल का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने, शिकायतों का विधिसम्मत एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों, वारंटियों, नशा तस्करों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने, लंबित NBW एवं BW वारंटों की शत-प्रतिशत तामील, विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, किरायेदार सत्यापन अभियान तेज करने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा साइबर अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेन्द्र सिंह कपर्वाण, क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल, वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी तनुजा वर्मा, प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक विनय सिंह, निरीक्षक अभिसूचना इकाई राम प्रसाद सहित सभी थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने कहा कि चम्पावत पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता की सुरक्षा, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पारदर्शी, संवेदनशील एवं जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करना है।

