चंपावतटनकपुरनवीनतमहादसा

टनकपुर : 21वर्षीय युवक ने नदी में लगाई छलांग, पुलिस ने उपचार के बाद परिजनों के किया सुपुर्द

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। एनएसपीसी नहर में अज्ञात कारणों के चलते छलांग लगाने वाले उत्तर प्रदेश के एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की स्थानीय युवाओं की जांबाज़ी और पुलिस की तत्परता से जान बच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बदायूं जिला अंतर्गत सिविल लाइन चंद्रशील नगर निवासी सौरभ शर्मा का 21 वर्षीय पुत्र क्षितिज शर्मा मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहा था, जो अचानक घर से भागकर टनकपुर पहुंच गया। यहां अज्ञात कारणों के चलते उसने एनएसपीसी नहर में छलांग लगा दी।

युवक को डूबता देख घटनास्थल पर मौजूद मनिहारगोठ के कुछ साहसी युवकों ने बिना वक्त गंवाए तत्काल नहर में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत कर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसी बीच मामले की सूचना तुरंत आपातकालीन सेवा 112 को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाल चेतन रावत ने तत्काल पुलिस टीम को मौके के लिए रवाना किया। मौके पर पहुंचे हेडकांस्टेबल कैलाश चौसाली ने युवक को अपनी कस्टडी में लिया और तुरंत उपचार के लिए टनकपुर उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सालय में डॉक्टर ज्ञानेश्वर यादव द्वारा युवक का त्वरित उपचार शुरू किया गया। डॉक्टर यादव ने बताया कि युवक की स्थिति अब पूरी तरह खतरे से बाहर है। इधर, पुलिस द्वारा घटना की सूचना युवक के परिजनों को दी गई, जिसके बाद बदहवास परिजन तुरंत टनकपुर अस्पताल पहुंचे और युवक की देखरेख में जुट गए। कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि पुलिस और स्थानीय युवकों के त्वरित रेस्क्यू से युवक को सकुशल बचा लिया गया है तथा आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

Ad Ad

Ad