क्राइमदेहरादूननवीनतम

देहरादून में 72 वर्षीय महिला की हत्या का 12 घंटे में खुलासा, मजदूरी के 18 हजार रुपये को लेकर हुआ था विवाद

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय महिला रेखा बंसल की हत्या के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या का आरोपी मृतका के पति के यहां काम करता था और उसकी करीब 18 हजार रुपये की मजदूरी बकाया थी। इसी रकम को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने महिला पर हमला किया और पकड़े जाने के डर से उसका मुंह दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार तीन सितंबर को दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी थी कि उनकी पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस की टीम ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की।

Ad Ad

मामले में थाना रायपुर में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन कर घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को विनीत कुमार की भूमिका संदिग्ध मिली। इसके बाद पुलिस ने उसे रिंग रोड स्थित त्रिलोक गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से उत्तरकाशी का रहने वाला है और करीब 10 वर्षों से देहरादून के अजबपुर क्षेत्र में रह रहा है। वह त्रिलोक गेस्ट हाउस में रात के समय सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था। इसके अलावा वह दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड स्थित अनुज प्रकाशन बुक शॉप में हेल्पर का काम भी करता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी इस परिवार को करीब 15 वर्षों से जानता था।

पुलिस के अनुसार आरोपी की करीब 18 हजार रुपये की मजदूरी बकाया थी। कई बार पैसे मांगने के बावजूद भुगतान नहीं होने से वह नाराज था। घटना के दिन वह दिनेश बंसल की स्कूटी से उनके घर पहुंचा। आरोपी को घर के पीछे का दरवाजा खुला रहने की जानकारी थी और उस समय रेखा बंसल घर में अकेली थीं।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने रेखा बंसल से अपनी बकाया मजदूरी के पैसे मांगे। पैसे नहीं मिलने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से महिला के चेहरे पर वार कर दिया। चोट लगने के बाद महिला बिस्तर पर गिर गईं और शोर मचाने लगीं। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह दबा दिया। कुछ देर बाद जब उसे लगा कि महिला की मौत हो चुकी है तो वह उनके हाथ से सोने का कंगन निकालकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका से लूटा गया सोने का कंगन और घटना के दौरान आरोपी द्वारा पहना गया कड़ा बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1), 309(4) और 117(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को घटना के करीब 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।