नवीनतमपिथौरागढ़हादसा

पति को दुकान में नाश्ता देकर लौटी महिला ने कमरे में लगाई फांसी, डेढ़ साल के मासूम को छोड़ गई पीछे

ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़। ऐंचोली क्षेत्र में एक 24 वर्षीय महिला ने अपने ही दुपट्टे से फंदा बनाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। बताया गया है कि बीते गुरुवार को सुबह की रोजमर्रा की दिनचर्या निभाने के बाद महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया। महिला को जब तक जिला अस्पताल पहुंचाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस दुखद घटना से जहां मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है वहीं महिला द्वारा एकाएक उठाए गए इस कदम ने पूरे इलाके को स्तब्ध दिया है।

जानकारी के अनुसार गुरना क्षेत्र के रहने वाले देवेन्द्र भट्ट वर्तमान में जिले के ऐंचोली क्षेत्र में रहकर किराना की दुकान संचालित करते हैं। बताया गया है कि रोज की तरह बीते गुरुवार सुबह करीब दस बजे भी वह अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी उनकी पत्नी पूजा भट्ट नाश्ता लेकर दुकान पहुंची और कुछ देर बाद वापस कमरे में चली गई। इसके बाद घर में अचानक सब कुछ शांत हो गया। कुछ समय बाद पास में रहने वाले एक किरायेदार की नजर कमरे की ओर पड़ी, जहां पूजा दुपट्टे के फंदे से लटकी हुई थी। यह दृश्य देखते ही उसने तुरंत परिजनों को सूचना दी। पति देवेन्द्र बदहवास हालत में कमरे में पहुंचे और पूजा को नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. हेमंत शर्मा ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे और आसपास के क्षेत्र से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। चौकी प्रभारी ऐंचोली कमलेश जोशी के अनुसार, मामले की गहनता से जांच की जा रही है, परिजनों से पूछताछ की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी। बताया गया है कि पूजा और देवेन्द्र का विवाह मई 2023 में हुआ था। उनका एक डेढ़ साल का पुत्र भी है। पूजा का मायका पिथौरागढ़ के जाजरदेवल क्षेत्र में बताया जा रहा है। आत्महत्या के पीछे के कारणों को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है, जिससे परिवार के साथ-साथ पुलिस भी असमंजस में है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।