चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

मिलावटखोरी पर नकेल: चम्पावत में खाद्य सुरक्षा विभाग का चेकिंग अभियान, 5 खाद्य नमूने लिए

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता से खिलवाड़ पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। आयुक्त (FDA) उत्तराखंड और जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान मिष्ठान प्रतिष्ठानों और जनरल स्टोरों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग की वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी के नेतृत्व में टीम ने मुड़यानी, पुलिस लाइन सहित आसपास के क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, बिक्री और रखरखाव की स्थिति की जांच की गई। अभियान के दौरान बाल मिठाई, बेसन लड्डू, सोन पापड़ी, बूंदी की मिठाई और बेसन के कुल 5 नमूने लिए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषक, राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग के अनुसार प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Ad Ad

कारोबारियों को दिए सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को FSSAI लाइसेंस अनिवार्य रूप से बनवाने और प्रतिष्ठान में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य सामग्रियों का क्रय-विक्रय केवल पक्के बिल के माध्यम से करने और उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने को कहा गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को एक्सपायरी अथवा कालातीत खाद्य पदार्थों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित होने की जानकारी देते हुए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सहायक दिनेश फर्त्याल भी मौजूद रहे।