दर्दनाक हादसा: 150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, SBI शाखा प्रबंधक की मौत
पाबौ शाखा में ड्यूटी पूरी कर पौड़ी लौट रहे थे संजीव किलानिया, देर रात शुरू हुआ सर्च अभियान
पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में बुआखाल-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मांडाखाल के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के शाखा प्रबंधक संजीव किलानिया की मौत हो गई। उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, संजीव किलानिया शनिवार रात करीब नौ बजे पाबौ स्थित एसबीआई शाखा में ड्यूटी पूरी करने के बाद कार से पौड़ी मुख्यालय के लिए रवाना हुए थे। मांडाखाल के पास पहुंचने पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। देर रात तक जब संजीव घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इस बीच पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई कि संजीव रात करीब नौ बजे कार्यालय से निकले थे, लेकिन अभी तक घर नहीं पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पौड़ी पुलिस, फायर यूनिट पौड़ी और पाबौ पुलिस की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास तलाश शुरू कर दी।

तलाशी अभियान के दौरान मांडाखाल के समीप दुर्घटना के संकेत मिले। इसके बाद रेस्क्यू टीम खाई में उतरी और करीब 150 मीटर नीचे संजीव किलानिया को बरामद किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पौड़ी भेजा, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मई 2026 से पाबौ में थे शाखा प्रबंधक
जानकारी के अनुसार संजीव किलानिया मूल रूप से हरियाणा के हिसार के रहने वाले थे और उनका परिवार वर्तमान में गुरुग्राम में रहता था। वह मई 2026 से एसबीआई पाबौ शाखा में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। पौड़ी में वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ रह रहे थे। एसबीआई पौड़ी के मुख्य शाखा प्रबंधक तरुण जोशी ने भी संजीव किलानिया के निधन पर दुख जताया। उनकी अचानक हुई मौत की खबर से बैंक कर्मचारियों, परिचितों और परिजनों में शोक की लहर है।

