चम्पावत : जिलाधिकारी ने किया जिला अस्पताल का निरीक्षण, जांचीं आपातकालीन सेवाएं
डायलिसिस यूनिट और सीसीयू के लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश
चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने रविवार को जिला अस्पताल चम्पावत का स्थलीय निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने डायलिसिस सेंटर में स्थापित की जा रही आधुनिक मशीनों एवं आवश्यक उपकरणों की कार्य प्रगति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि डायलिसिस यूनिट से संबंधित सभी शेष कार्यों को गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि मरीजों को जल्द से जल्द इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल सके।



इसके बाद जिलाधिकारी ने अस्पताल के आपातकालीन कक्ष (इमरजेंसी वार्ड) का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद अटेंडेंट्स से बातचीत कर व्यवस्थाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले प्रत्येक मरीज को त्वरित उपचार के साथ संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार भी सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हीरा सिंह हयांकी ने जिलाधिकारी को क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में चल रहे विकास एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि सीसीयू से संबंधित शेष कार्यों में तेजी लाई जाए और सभी आवश्यक कार्य जल्द पूर्ण कर यूनिट को बेहतर तरीके से संचालित करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल के चिकित्सक, अधिकारी एवं अन्य कार्मिक मौजूद रहे।

