दशहरे की रात दर्दनाक हादसा, घर के इकलौते बेटे की मौत; परिवार में मचा कोहराम
कॉलेज के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक की मौत और दूसरा घायल
रामनगर/नैनीताल। नैनीताल जिले के रामनगर में दशहरे की रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। हादसे में जान गंवाने वाला भावेश जोशी अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामनगर के टेढ़ा रोड मोहल्ला निवासी भावेश जोशी दशहरे की रात बाइक से कोसी बैराज की ओर जा रहा था। इसी दौरान राजकीय महाविद्यालय के पास उसकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने भावेश जोशी को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल युवक का उपचार चल रहा है। भावेश की असमय मौत से परिवार सदमे में है। घर के इकलौते बेटे को खोने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दशहरे के त्योहार के बीच हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

