गौकशी मामले का फरार आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; SSP के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाया
पुलिस पर की चार राउंड फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी; 17 किलो प्रतिबंधित मांस, तमंचा और कारतूस बरामद
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर में करीब एक माह पहले सामने आए गौकशी प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पहुंचकर उससे पूछताछ की।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि गदरपुर क्षेत्र में करीब एक माह पूर्व गौकशी की घटना सामने आई थी। मामले की जांच के दौरान रेंज स्तर की गौवंश स्क्वाड टीम आरोपियों को पकड़ने पहुंची थी, लेकिन उस समय आरोपियों ने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग कर दी थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी। इसी दौरान एसओजी को सूचना मिली कि गौकशी प्रकरण में वांछित आरोपी मोईन ग्राम कनौरा के आसपास मौजूद है। सूचना मिलते ही एसओजी और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी।

पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपी मोईन ने पुलिस टीम पर चार राउंड फायरिंग की। आत्मरक्षा और आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में चार राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पहले उसे बाजपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 17 किलो प्रतिबंधित मांस, एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। पूछताछ में आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी मोईन के रूप में हुई है। जिला अस्पताल पहुंचे एसएसपी अजय गणपति ने घायल आरोपी का हालचाल भी जाना और पूछताछ की। इस दौरान आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगता और गिड़गिड़ाता दिखाई दिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही गौकशी प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पुलिस पर हमला करने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

