अनियंत्रित बस ने सड़क किनारे खड़ी थार को मारी टक्कर, हादसे में ट्रांसपोर्टर जीजा साले समेत तीन की मौत
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एनएच 9 पर अनियंत्रित ट्रैवलर बस ने सड़क किनारे खड़ी थार को जोरदार टक्कर मारी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में जीजा साले समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद ईस्ट जवाहरनगर निवासी 42 वर्षीय नवीन कुमार और उनका साला 34 वर्षीय दीपक निवासी उधम सिंह नगर जिला रुद्रपुर मलिक कॉलोनी बीते शुक्रवार की सुबह करीब 5:30 बजे लोनी से रुद्रपुर के लिए निकले थे। तभी इस दौरान दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे के समानांतर NH 9 पर एबीईएस कॉलेज के सामने उनकी थार से अचानक आवाज आने लगी। थार कार की आवाज सुनते ही उन्होंने कार को सड़क किनारे खड़ा कर उसकी जांच शुरू की।

इस दौरान लालकुआं से दिल्ली की ओर जा रहे रैपीडो बाइक चालक 28 वर्षीय योगेश कुमार रूपनगर पिसावा अलीगढ़ को जीजा साले ने रोक लिया और मिस्त्री का पता पूछने लगे, तभी दिल्ली की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रैवलर बस ने थार के पीछे खड़े तीनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक बस और कार के बीच फंसकर बुरी तरह कुचल गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन द्वारा तीनों घायलों को एमएमजी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपी बस चालक वीरेंद्र निवासी दिल्ली को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में पता चला कि चालक को नींद के कारण झपकी आ गई थी। जिसके कारण यह हादसा घटित हुआ है। बताया जा रहा है हादसे के दौरान बस में 26 महिला यात्री सवार थी जिनकी चीख पुकार मच गई जबकि दो सवारियां भी मामूली रूप से घायल हुई है।

