उत्तराखण्डनवीनतमराजनीति

उत्तराखंड : कांग्रेस को फिर लगा झटका, अब अनुकृति ने छोड़ी पार्टी

ख़बर शेयर करें -

लोकसभा चुनाव 2024 से पहले उत्तराखंड कांग्रेस में पार्टी छोड़ने वालों की लाइन सी लग गई है। अब कांग्रेस की नेत्री अनुकृति गुसाई ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया है। अनुकृति गोसाई प्रदेश के दिग्गज नेता हरक सिंह रावत की पुत्रवधू है और कांग्रेस के टिकट पर वह साल 2022 में लैंसडाउन विधानसभा से चुनाव भी लड़ चुकी हैं। अनुकृति गुसाई ने अपने इस्तीफे से जुड़ा पत्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण मेहरा को दे दिया है। हालांकि उन्होंने इस्तीफा क्यों दिया इसका कोई खास कारण नहीं बताया गया है। प्रदेश अध्यक्ष को लिखते हुए पत्र में अनुकृति गुसाई कहती है कि वह व्यक्तिगत कारणों के चलते कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे रही है। गौरतलब है कि बीते 48 घंटों की बात करें तो दो बड़े नेताओं ने उत्तराखंड कांग्रेस का हाथ छोड़ा है। इसमें पहला नाम गंगोत्री से कांग्रेस के विधायक रहे विजयपाल सजवान और दूसरा पुरोला से पार्टी नेता मालचंद का है।

बता दें कि अनुकृति गुसाई मॉडलिंग की दुनिया में भी अपना लोहा बनवा चुकी हैं और इसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा है। वह लैंसडाउन समेत प्रदेश की विभिन्न विधानसभाओं में महिला उत्थान से जुड़े विभिन्न कार्यों को कर रही हैं और खासतौर पर पौड़ी क्षेत्र में अपनी संस्था के जरिए इस काम को आगे बढ़ा रही हैं। अनुकृति गुसाई को कांग्रेस में युवा चेहरे के रूप में भविष्य की राजनीति के लिए देखा जा रहा था, लेकिन उनका इस तरह पार्टी छोड़ना बड़े झटके के रूप में महसूस किया जा रहा है।