चम्पावत वन प्रभाग को मिला स्थायी डीएफओ, ढिनो पुरुषोत्तमन ने संभाला 19वें प्रभागीय वनाधिकारी का कार्यभार
चम्पावत। करीब एक वर्ष से स्थायी प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) की प्रतीक्षा कर रहे चम्पावत वन प्रभाग को आखिरकार नियमित डीएफओ मिल गया है। वर्ष 2024 बैच के भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारी ढिनो पुरुषोत्तमन ने मंगलवार को चम्पावत वन प्रभाग के 19वें प्रभागीय वनाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। डीएफओ के रूप में यह उनकी पहली तैनाती है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद नव नियुक्त डीएफओ ने जिलाधिकारी मनीष कुमार से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी को पुष्प गमला भेंट किया। जिलाधिकारी ने ढिनो पुरुषोत्तमन को नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए जिले में वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के साथ विकास कार्यों में बेहतर अंतर्विभागीय समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करने की अपेक्षा जताई।

इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नव नियुक्त डीएफओ का स्वागत किया। बता दें कि करीब एक वर्ष से पिथौरागढ़ वन प्रभाग के डीएफओ आशुतोष सिंह चम्पावत वन प्रभाग के डीएफओ का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे। उनके स्थानांतरण के बाद अब ढिनो पुरुषोत्तमन की चम्पावत वन प्रभाग में स्थायी तैनाती हुई है।
मूल रूप से केरल के रहने वाले युवा आईएफएस अधिकारी ढिनो पुरुषोत्तमन ने चम्पावत की समृद्ध प्राकृतिक संपदा, जैव विविधता और खूबसूरत वन क्षेत्रों को जिले की महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि वन एवं पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए वन्यजीव सुरक्षा, वनों के संरक्षण एवं संवर्धन तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वित प्रयास किए जाएंगे। स्थायी डीएफओ की तैनाती से चम्पावत वन प्रभाग को नियमित नेतृत्व मिलने के साथ ही वन संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम और विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति मिलने की उम्मीद है।


