उत्तराखंड पीसीएस का रिजल्ट जारी, जसमीत कौर और अदिति पुनेठा ने किया टॉप
हरिद्वार। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/ प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) परीक्षा-2024 का परिणाम जारी कर दिया है। इसमें प्रदेश को नौ डिप्टी कलेक्ट्रेट मिले हैं। आयोग की ओर से परीक्षा परिणाम एक दिसंबर 2025 को घोषित संशोधित मुख्य परीक्षा परिणाम के क्रम में 27 मार्च से 21 अप्रैल 2026 तक आयोजित साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड परीक्षण और चिकित्सीय परीक्षण के आधार पर घोषित किया गया है।
आयोग ने डिप्टी कलेक्टर पद के लिए नौ अभ्यर्थियों, पुलिस अधीक्षक (गृह विभाग) पद के लिए 10 अभ्यर्थियों, जिला कमांडेंट होमगार्ड (गृह विभाग) पद के लिए पांच, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी और कार्याधिकारी जिला पंचायत के एक-एक पद पर अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया है।

इसके अलावा जिला ग्रामोद्योग अधिकारी पद पर छह, उप शिक्षा अधिकारी पद पर 58, परिवीक्षा अधिकारी (महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग) पद पर एक, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी पद पर 14, सहायक आयुक्त राज्य कर (वित्त विभाग) पद पर 16 और राज्य कर अधिकारी (वित्त विभाग) पद पर 53 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी (शहरी विकास विभाग) पद के लिए सात अभ्यर्थी सफल रहे हैं। पीसीएस परीक्षा परिणाम में बेटियों का जलवा रहा है। पहले और दूसरे स्थान पर बेटियां रही हैं। डिप्टी कलेक्ट्रेट के पद पर पहले नंबर पर जसमीत कौर और दूसरे नंबर पर वर्षा जोशी रहीं हैं। आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, वायरल शर्मा, उज्जवल डालाकोटी और काजल सैनी का भी डिप्टी कलेक्ट्रेट के पद पर चयन हुआ है। पुलिस उपाधीक्षक पद पर अदिति पुनेेठा, ऐश्वर्या भट्ट, मनीष चंद्र रमोला, संदीप कुमार पटेल, शताक्षी शर्मा, सक्षम, गोविंद पांडेय, हिमांशु दिवाकर, श्रेया सिंह और प्रकृति नेगी चुनी गई हैं।
जानें कौन हैं टॉपर अदिति पुनेठा…
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) की परीक्षा में लोहाघाट की रहने वाली अदिति पुनेठा ने डिप्टी एसपी रैंक में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वह मूल रूप से लोहाघाट के भुमलाई गांव की रहने वाली हैं और वर्तमान में ठाड़ाढुंगा, लोहाघाट रहती हैं। अदिति पुनेठा के पिता दीपक पुनेठा भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) में शाखा प्रबंधक के पद पर बागेश्वर में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता भावना पुनेठा शिक्षण कार्य से जुड़ी हुई हैं। इससे पूर्व अदिति ने उत्तरप्रदेश लोक सेवा आयोग परीक्षा में 45 वीं रैंक प्राप्त की थी। वर्तमान में वह आईएएस की तैयारी कर रही हैं। अदिति की प्रारंभिक शिक्षा ओकलैंड पब्लिक स्कूल लोहाघाट में हुई। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता पिता, गुरूजनों और ईष्ट देवता को दिया है।
जसमीत ने नौकरी के साथ हासिल की बड़ी सफलता

जसमीत कौर वर्तमान में बागेश्वर जिले में जिला समाज कल्याण अधिकारी (DSWO) के पद पर तैनात हैं। प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ उन्होंने पीसीएस परीक्षा की तैयारी जारी रखी और पूरे प्रदेश में टॉप कर अपनी मेहनत का लोहा मनवाया। उनकी इस उपलब्धि से रुद्रपुर सहित पूरे उधम सिंह नगर और बागेश्वर जिले में खुशी का माहौल है। परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों द्वारा उन्हें लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।

