चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

बेलखेत में क्वैराला नदी पर 85 मीटर स्पान पैदल झूला पुल निर्माण को वित्तीय स्वीकृति के बाद से कार्य प्रगति पर

ख़बर शेयर करें -

टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कार्य प्रगति पर, निर्धारित समय से पूर्व कार्य होगा पूर्ण: अधिशासी अभियंता

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा संख्या 341/2024 के अंतर्गत प्रस्तावित महत्वपूर्ण परियोजना बेलखेत क्षेत्र में क्वैराला नदी पर 85 मीटर स्पान पैदल झूला पुल को राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि (एसडीआरएफ) मद से वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो गई है। परियोजना के लिए 481.57 लाख रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। जिस पर टेंडर और अन्य औपचारिकताएं पूर्ण कर बेलखेत क्षेत्र में क्वैराला नदी पर 85 मीटर स्पान पैदल झूला पुल के निर्माण कार्य जारी है ।

Ad Ad


अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, चम्पावत मोहन चंद पलड़िया ने बताया कि झूला पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए निर्धारित एक वर्ष की समय-सीमा से पूर्व ही निर्माण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि स्थानीय जनता को शीघ्र इसका लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि बेलखेत क्षेत्र में क्वैराला नदी पर पैदल झूला पुल बनने से स्थानीय ग्रामीणों को वर्षभर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। विशेषकर बरसात के दौरान नदी पार करने में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी तथा विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए आवागमन आसान होगा। साथ ही आपदा अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को भी गति मिलेगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित संपर्क व्यवस्था विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और यह परियोजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों को निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। पुल के निर्माण से बेलखेत सहित आसपास के गांवों के लोगों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।