चम्पावत : कथित दुष्कर्म मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ एक और मुकदमा, जांच में जुटी पुलिस
चम्पावत। चम्पावत के सल्ली गांव में हुए कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक और मुकदमा दर्ज किया है। केस नाबालिग के पिता की ओर से की गई नामजद तहरीर के आधार पर दर्ज हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच कर रही है।
सोमवार शाम पीड़िता के पिता ने कोतवाली चम्पावत में सल्ली निवासी कमल रावत, मंच तामली रोड निवासी उसकी महिला मित्र अर्जिता राय और बनबसा निवासी कांग्रेस के प्रदेश सचिव आनंद सिंह माहरा के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इन तीनों आरोपियों ने लालच देकर उनकी नाबालिग बेटी को निर्वस्त्र किया व फोटो और वीडियो को वायरल किया। इसके अलावा कमल रावत ने उन्हें धोखे में रख कर कोतवाली में गलत प्राथमिकी दर्ज कराई। कोतवाल बीएस रावत के मुलाबिक पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर कोतवाली चम्पावत में तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 217, 230, 351(2), 353 (1) (बी), 61 (2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 11, 12, 22, 23 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अब तक का घटनाक्रम…
1— 5-6 मई की रात सल्ली गांव में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ दरिंदगी का सनसनीखेज मामला सामने आया था।
2— पुलिस ने नाबालिग के पिता की तहरीर के आधार पर नामजद पूर्व ग्राम प्रधान व भाजपा मंडल उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत, विनोद सिंह रावत और नवीन सिंह रावत के खिलाफ 6 मई को प्राथमिकी दर्ज की थी।
3— पुलिस ने मामले की विवेचना के बाद 7 मई की शाम को नाबालिग के साथ दरिंदगी की घटना को फर्जी बताया था। कहा कि यह पूरा प्रकरण बदले की भावना से रची साजिश था।
4— साजिश रचकर झूठी प्राथमिकी दर्ज कराने के आरोप में सल्ली निवासी कमल रावत, मंच तामली रोड निवासी उसकी महिला मित्र अर्जिता राय और बनबसा निवासी कांग्रेस प्रदेश सचिव आनंद सिंह महरा के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज हुई। पुलिस ने 8 मई को कमल रावत और अर्जिता राय को जेल भेज दिया।
5— साजिश में शामिल तीसरे नामजद आरोपी कांग्रेस के प्रदेश सचिव आनंद सिंह महरा के खिलाफ पुलिस साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस का दावा है कि उसे जल्द साक्ष्य संकलन के बाद गिरफ्तार किया जाएगा।

