उप चुनाव : तीन बूथों नहीं खुल सका कांग्रेस का खाता, छह बूथों पर मिले एक—एक व छह बूथों पर मिले दो—दो वोट, एक बूथ पर सीएम धामी को मिले सौ फीसदी वोट



चम्पावत। चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में हुए उप चुनाव में प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस सीएम पुष्कर सिंह धामी की सुनामी में पूरी तरह से हवा हो गई। विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं ने सीएम धामी पर अपना प्यार लुटाते हुए वोटों की बारिश कर दी और उन्हें ऐतिहासिक जीत दिला दी। इस उप चुनाव में कांग्रेस पार्टी को जनता ने पूरी तरह से नकार दिया। सीएम धामी को जहां 58258 वोट मिले, वहीं कांग्रेस की निर्मला गहतोड़ी को केवल 3233 वोटों पर संतोष करना पड़ा। कांग्रेस को इस चुनाव में एक तरह से शर्मनाक का सामना करना पड़ा है। पिनाना तलाड़ी, बुंगा दुर्गापीपल व गंगसीर बूथ पर कांग्रेस खाता भी नहीं खोल सकी। गंगसीर में तो सीएम धामी को सौ प्रतिशत वोट मिले हैं। यहां 60 वोट पड़े, जो सभी के सभी भाजपा को मिले हैं। वैला, कठौल, ककनई, उदाली, निगाली व चूका बूथ पर कांग्रेस को एक—एक वोट ही मिल सका। दियारतोली, मटाकाड़ा, रूईया, कोटकेंद्री, हेलागोठ व थपलियालखेड़ा में कांग्रेस को मात्र दो—दो वोट मिले हैं। कई बूथों पर तो कांग्रेस से अधिक वोट निर्दलीय प्रत्याशी को मिले हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चुनाव जीतने के बाद रिटर्निंग आफीसर हिमांशु कफल्टिया से निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त किया। इसके बाद पत्नी गीता धामी के साथ गोल्ज्यू मंदिर पहुंच कर पूजा अर्चना की। धामी की ऐतिहासिक जीत पर कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया।









