चम्पावत: हाईकोर्ट जज आशीष नैथानी ने किया जजी आवासों का लोकार्पण, जिला जज आवास का शिलान्यास भी किया
चम्पावत। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश और चम्पावत के प्रशासनिक जज न्यायमूर्ति आशीष नैथानी ने जिले में न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए नवनिर्मित जजी आवासों का उद्घाटन किया। शनिवार 25 अप्रैल को आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर आवासों का लोकार्पण किया।
इसके साथ ही, न्यायमूर्ति नैथानी ने डड़ा के समीप बनने वाले जिला जज आवास का शिलान्यास और भूमि पूजन भी किया। मालूम हो कि जजी आवासों के निर्माण की लागत ₹10.67 करोड़ है। कुल कुल 36 आवास बनाए गए हैं, जिनमें टाइप-टू के 24 और टाइप-थ्री के 12 आवास शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अनुसार, इन आवासों का कार्य अक्टूबर 2023 में प्रारंभ किया गया था।
इस अवसर पर जिला जज अनुज कुमार संगल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट निहारिका मित्तल और न्यायिक मजिस्ट्रेट विशाल गोयल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। साथ ही जिला विधिक साक्षरता समिति के सचिव भवदीप रावते, लोनिवि के अधिशासी अभियंता मोहन चंद्र पलड़िया, सहायक अभियंता दीप कांडपाल सहित जजी के कई अधिकारी, कर्मचारी और अधिवक्ता गण मौजूद थे।




