उत्तराखण्डनवीनतमलोकसभा चुनाव 2024

अमेरिका से शादी करने आई देहरादून, विदाई से पहले पहुंची बूथ और लोकतंत्र के महापर्व में दी आहुति

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। लोकतंत्र के महापर्व में जहां दूनवासियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई, वहीं एक दुल्हन भी दून से अमेरिका जाने से पहले मतदान कर अपना कर्तव्य निभा गई। दुल्हन ने विदाई से पहले मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने का संदेश दिया। अजबपुर स्थित पोलिंग बूथ पर अन्य मतदाताओं ने भी दुल्हन की सराहना की।
अजबपुर निवासी अरविंद कुमार की पुत्री वर्षा विदुषी पिछले कुछ समय से अमेरिका में ही रहती हैं। उनकी शादी बीते वर्ष तय हुई और शादी की तारीख 18 अप्रैल निर्धारित हुई। वर्षा अपनी शादी के लिए दून पहुंची तो पता चला कि 19 अप्रैल को मतदान है। सात फेरे लेने के बाद वर्षा को दूल्हे के साथ अमेरिका जाना था। दोनों की फ्लाइट दिल्ली से शाम को थी। दून से विदा होने से पहले वर्षा ने मतदान का निर्णय लिया। वर्षा शादी के मंडप से सीधा अजबपुर खुर्द में रेडियंस इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट स्टडीज में स्थापित पोलिंग बूथ पर पहुंची और पहचान पत्र दिखाकर वोट डाला। वर्षा ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद से ही वह लगातार वोट दे रही हैं। पांच वर्ष पूर्व भी लोकसभा चुनाव में मतदान किया था। यह दूसरा लोकसभा चुनाव रहा। इसके अलावा विधानसभा चुनाव में भी वह वोट दे चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सशक्त राष्ट्र निर्माण के लिए मतदान जरूरी है। ऐसे में प्रत्येक मतदाता को सबसे पहले अपने कर्तव्य का निर्वहन करना चाहिए। वर्षा मतदान के बाद दिल्ली रवाना हो गईं। हालांकि, उन्हें सड़क मार्ग से जाना था, लेकिन अमेरिका की फ्लाइट पकड़ने का समय कम होने के कारण देहरादून एयरपोर्ट से दिल्ली की फ्लाइट पकड़ी। उनके पति अमेरिका में ही नौकरी करते हैं।