निकाय चुनाव : चम्पावत में कांग्रेस का चुनावी कार्यालय खुला
चम्पावत। चम्पावत में कांग्रेस के चुनावी कार्यालय का 4 जनवरी को उद्घाटन करते हुए पार्टी की वरिष्ठ नेता और पूर्व दर्जा मंत्री निर्मला गहतोड़ी और जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत ने ये दावा किया कि कांग्रेस चम्पावत ही नहीं जिले के चारों निकायों में जीत दर्ज करेगी।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी की सदस्य रहीं निर्मला गहतोड़ी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की एकजुटता के अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विधानसभा क्षेत्र होने के बावजूद शहर में स्वास्थ्य व कई आधारभूत सुविधाओं की कमी और निवर्तमान पालिकाध्यक्ष के कार्यकाल में विकास के नाम पर धन की बर्बादी और आम लोगों की अनदेखी से कांग्रेस नगर के समझदार वोटरों की पहली पसंद है। दावा किया गया कि कांग्रेस की नीमा कठायत सर्वाधिक शिक्षित प्रत्यशी हैं। जबकि एक प्रत्याशी पूर्व में जिले की प्रथम नागरिक रह चुकी हैं और दूसरी प्रत्याशी के पति पालिकाध्यक्ष रह चुके हैं। जनता दोनों प्रत्याशियों से उनके कार्यकर्ता का हिसाब-किताब मांगेगी।
कांग्रेस ने वर्ष 2018 के नगर पालिकाध्यक्ष चुनाव में चम्पावत सीट जीती थी। जबकि चम्पावत नगर पालिका के 2013 में हुए पहले चुनाव में यह सीट भाजपा की झोली में गई थी। वक्ताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुटता के साथ लोगों के बीच जाकर कांग्रेस प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए काम करने का आहवान किया। इस मौके पर जिला महामंत्री (संगठन) एडवोकेट निर्मल तड़ागी, एडवोकेट डॉ. श्याम सिंह कार्की, अशोक वर्मा, अशोक कार्की, मोहन सिंह अधिकारी सौरभ साह, तारादत्त ध्वाल, कमला पांगती, हरीश महर, केदार सिंह सामंत, प्रकाश बोहरा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।