देहरादून में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली
पटेलनगर के नयागांव में चेकिंग के दौरान फायरिंग कर भाग रहे थे आरोपी, दो पिस्टल और कारतूस बरामद
देहरादून। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के नयागांव में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान बाइक सवार दोनों युवक रुकने के बजाय बुडपुर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी, जिससे पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश घायल हो गए। घायल आरोपियों की पहचान शमीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई है। उनके कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।


प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों का लंबा आपराधिक इतिहास है। शमीम के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शहजाद पर भी देहरादून और हरिद्वार में कई मामले दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार, पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। देहरादून और हरिद्वार में हुई अन्य आपराधिक घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

