चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

दीपावली तक चलेगा रेडक्रॉस का स्वच्छता अभियान, चार नए आजीवन सदस्य जुड़े

ख़बर शेयर करें -

दो दिनों में कार्यालयों से लेकर सार्वजनिक पार्क तक चलाया सफाई अभियान, छतार के शहीद शिरोमणि चिलकोटी चिल्ड्रेन पार्क में किया श्रमदान

चम्पावत। दीपावली तक स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाने के उद्देश्य से जिला रेडक्रॉस समिति चम्पावत ने विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया है। अभियान के पहले दो दिनों में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, रेडक्रॉस कार्यालय और छतार वार्ड स्थित शहीद शिरोमणि चिलकोटी चिल्ड्रेन पार्क में सफाई अभियान चलाकर श्रमदान किया गया। इस दौरान चार नागरिकों ने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की आजीवन सदस्यता भी ग्रहण की।

Ad Ad

भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की राज्य शाखा के चेयरमैन की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल बैठक में प्रदेशभर में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने का निर्णय लिया गया था। इसी क्रम में जिला रेडक्रॉस समिति ने कायाकल्प गतिविधियों के तहत जनपद में अभियान शुरू किया है।

अभियान के प्रथम दिवस मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय एवं जिला रेडक्रॉस कार्यालय के विभिन्न कक्षों और परिसरों में साफ-सफाई की गई। समिति के पदाधिकारियों और स्वयंसेवियों ने श्रमदान कर स्वच्छ एवं व्यवस्थित कार्यस्थल बनाए रखने का संदेश दिया। इस दौरान समिति के चेयरमैन राजेंद्र गहतोड़ी, सचिव जनार्दन चिलकोटी और कोषाध्यक्ष प्रेम बल्लभ भट्ट सहित अन्य स्वयंसेवी मौजूद रहे।

दूसरे दिन छतार वार्ड में चेयरमैन राजेंद्र गहतोड़ी और सचिव जनार्दन चिलकोटी की अगुवाई में वार्डवासियों के सहयोग से शहीद शिरोमणि चिलकोटी चिल्ड्रेन पार्क और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाया गया। स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान करते हुए पार्क को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में वार्ड सभासद प्रेमा चिलकोटी, पूर्व सभासद शकुन्तला गोस्वामी, छतार वार्ड विकास समिति अध्यक्ष शंकर गिरी गोस्वामी, सेवानिवृत्त महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र जीबी जोशी, मुख्य फार्मेसी अधिकारी डॉ. विष्णु गिरी गोस्वामी, जिला प्रभारी पतंजलि योग समिति लोकमणि पंत, नरेश चंद्र भट्ट, जीवन चंद्र जोशी, नवीन चंद्र पंत, कमल जोशी, आशा जोशी, जानकी भट्ट, ममता भट्ट और हेमा भट्ट सहित नगर पालिका के पर्यावरण मित्रों ने सहभागिता की।

चार नागरिक बने रेडक्रॉस के आजीवन सदस्य

स्वच्छता अभियान के दौरान शंकर गिरी गोस्वामी, जीवन चंद्र जोशी, नवीन चंद्र पंत और कमल जोशी ने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। समिति के पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि वे मानव सेवा, आपदा राहत, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देंगे।

चेयरमैन राजेंद्र गहतोड़ी ने कहा कि रेडक्रॉस आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में राहत और सहायता के साथ जनस्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी कार्य कर रही है। ऐसे अभियान जनभागीदारी से ही सफल हो सकते हैं।

सचिव जनार्दन चिलकोटी ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या पर्व तक सीमित नहीं, बल्कि दैनिक जीवनशैली और सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा होनी चाहिए। सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता एवं संरक्षण प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने आजीवन सदस्यता ग्रहण करने वाले नागरिकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि रेडक्रॉस से जुड़ना मानवता, सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत करना है।

जिला रेडक्रॉस समिति ने दीपावली तक नगर पालिका के अन्य वार्डों में भी स्थानीय नागरिकों के सहयोग से स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता गतिविधियां जारी रखने का संकल्प लिया है।