राष्ट्रीय एकता दिवस पर चम्पावत पुलिस ने ली एकता-अखंडता की शपथ, चार पुलिसकर्मी सम्मानित
पुलिस लाइन में सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर कार्यक्रम आयोजित; आईजी योगेन्द्र सिंह रावत और एसपी रेखा यादव ने दिलाई राष्ट्रसेवा की शपथ
चम्पावत। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार, 31 अक्टूबर को चम्पावत पुलिस ने राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया। पुलिस लाइन चम्पावत में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक एसडीआरएफ एवं कुंभ योगेन्द्र सिंह रावत और पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक योगेन्द्र सिंह रावत ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा देश की एकता को सुदृढ़ करने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी कार्मिकों को पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।



पुलिस महानिदेशक डिस्क से सम्मानित चार कार्मिक
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस महानिदेशक डिस्क से सम्मानित जनपद के चार पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस महानिरीक्षक योगेन्द्र सिंह रावत ने डिस्क मेडल पहनाकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, अपर उप निरीक्षक सुभाष सिंह राणा, कांस्टेबल संजय कुमार और कांस्टेबल महेश जोशी शामिल रहे। इस दौरान सम्मानित कार्मिकों के उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया। चम्पावत पुलिस ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ देश की सुरक्षा एवं जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

