चंपावतनवीनतमबनबसा

अग्निवीर भर्ती रैली में चम्पावत के युवाओं ने दिखाया दम, 850 से अधिक अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा

ख़बर शेयर करें -

नौ बैचों में हुई दौड़, करीब 700 युवा हुए सफल; शुक्रवार को लोहाघाट और बाराकोट के अभ्यर्थियों की होगी परीक्षा

बनबसा/चम्पावत। बनबसा सैन्य स्टेशन में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली के चौथे दिन गुरुवार को चम्पावत जिले के युवाओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। चम्पावत, पाटी और पूर्णागिरि तहसीलों के 850 से अधिक अभ्यर्थियों को प्रारंभिक दस्तावेज जांच के बाद भर्ती रैली में प्रवेश दिया गया। नौ बैचों में आयोजित दौड़ में करीब 700 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की।

Ad

दौड़ में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन करने के साथ ही शारीरिक एवं चिकित्सकीय परीक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। वहीं, पिछले दिनों दौड़ में सफल रहे अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण भी जारी है। अपने ही जिले में अग्निवीर भर्ती का अवसर मिलने से युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भर्ती रैली का आयोजन जोनल भर्ती कार्यालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन सेना भर्ती कार्यालय पिथौरागढ़ की ओर से किया जा रहा है। भर्ती निदेशक कर्नल अमोल दबड़घाव की देखरेख में सेना के अधिकारियों और जवानों ने अभ्यर्थियों के प्रवेश, दस्तावेज जांच और दौड़ की व्यवस्थाएं संभालीं।

शुक्रवार को लोहाघाट और बाराकोट के युवाओं की बारी

शुक्रवार 27 नवंबर को लोहाघाट और बाराकोट तहसीलों के अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी) के अभ्यर्थी दौड़ में शामिल होंगे। इसके साथ ही चम्पावत और पिथौरागढ़ जिलों के अग्निवीर टेक्निकल एवं ट्रेड्समैन श्रेणी के अभ्यर्थी भी अपनी शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन करेंगे।

Ad