लोहाघाट अस्पताल से डॉक्टरों के तबादले पर उबाल, स्वास्थ्य मंत्री का पुतला फूंका, तालाबंदी की चेतावनी
लोहाघाट/चम्पावत। लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय से चार विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित आठ डॉक्टरों के तबादले के विरोध में शुक्रवार को लोहाघाट विकास संघर्ष समिति का आक्रोश खुलकर सामने आया। समिति ने अस्पताल परिसर में जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल का पुतला दहन किया।
समिति अध्यक्ष विपिन गोरखा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान शासन से तत्काल चिकित्सकों के तबादले निरस्त करने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर तबादले नहीं रोके गए, तो लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में तालाबंदी कर दी जाएगी।
विपिन गोरखा ने कहा कि जब अस्पताल में डॉक्टर ही नहीं रहेंगे तो अस्पताल का संचालन कैसे होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। उनका कहना था कि लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं, ऐसे में एक साथ आठ चिकित्सकों का तबादला गंभीर चिंता का विषय है।

संघर्ष समिति ने कहा कि यदि जल्द ही इस जनसमस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और शासन की होगी। समिति अध्यक्ष ने क्षेत्र की जनता और सभी जनप्रतिनिधियों से राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर लोहाघाट के स्वास्थ्य हितों और क्षेत्रीय विकास के लिए एकजुट होने की अपील की।
गौरतलब है कि लोहाघाट विकास संघर्ष समिति पिछले पांच दिनों से अस्पताल परिसर में धरना देकर चिकित्सकों के तबादले रद्द करने की मांग कर रही है। प्रदर्शन करने वालों में राज किशोर शाह, लोकेश पांडे, ललित शाह, दीपक शाह, भुवन बिष्ट, शाहिद, अजय गोरखा सहित कई स्थानीय लोग शामिल रहे।

