प्रधान पति ने लाइसेंसी पिस्टल से अपने भाई को मारी गोली, घटना को अंजाम देने के बाद हुआ फरार
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आ रहा है, जहां पर दो भाई एक दूसरे की जान के दुश्मन बन गए। इतना ही नहीं बल्कि आपसी विवाद में प्रधान पति ने अपने सगे भाई को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। गोली लगने के कारण दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिद्वार जिले के रुड़की पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के बाजुहेड़ी गांव में प्रधान पति किशोर सैनी और उसके भाइयों के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था। बीते गुरुवार की रात किसी बात को लेकर किशोर और उसके भाई के बीच कहासुनी होने लगी। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि किशोर सैनी ने अपनी लाइसेंस वाली पिस्टल से अपने भाई 50 वर्षीय राजेश उर्फ राजू सैनी पर गोली चला दी।

गोली लगने के कारण राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे अन्य लोगों द्वारा तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। राजेश की हालत गंभीर है जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके पर फरार हो गया जिसे पुलिस ढूंढ रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

