उत्तरकाशीउत्तराखण्डनवीनतमहादसा

हाईवे पर भीषण हादसा, 200 मीटर गहरी खाई में गिरकर नदी में समाई इनोवा; पांच शव बरामद, दो लापता

ख़बर शेयर करें -

गंगनानी के पास हुआ दर्दनाक हादसा, गुजरात के छह यात्रियों और चालक समेत सात लोग थे सवार; पुलिस और एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे ने सात लोगों की जिंदगी संकट में डाल दी। गंगनानी के पास बृहस्पतिवार सुबह एक इनोवा वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरने के बाद नदी में समा गया। हादसे में अब तक पांच लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो अन्य लोगों की तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी है।

Ad Ad

जानकारी के मुताबिक, इनोवा वाहन संख्या UK-08-TA-6040 बृहस्पतिवार सुबह हिना के समीप से गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए रवाना हुआ था। वाहन में गुजरात के छह यात्री और चालक समेत कुल सात लोग सवार थे। गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर बढ़ते समय वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया। देखते ही देखते इनोवा सड़क से नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी और सीधे नदी में समा गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

नदी किनारे मिले पांच शव, दो की तलाश जारी

हादसे की सूचना पुलिस को डेल्टा के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचकर बचाव दल ने नदी किनारे और आसपास के संभावित स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया। रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक पांच लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वाहन में कुल सात लोग सवार बताए जा रहे हैं। ऐसे में दो अन्य लोगों के लापता होने की आशंका है। उनकी तलाश के लिए टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।

दुर्गम घटनास्थल और तेज बहाव से रेस्क्यू में चुनौती

आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं के अनुसार, गंगनानी के पास वाहन के नदी में गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और आपातकालीन सेवा की टीमों को मौके पर भेजा गया था। घटनास्थल की भौगोलिक स्थिति और नदी के तेज बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। टीमें नदी के किनारों और आसपास के संभावित स्थानों पर सघन तलाशी कर रही हैं। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसमें सवार यात्रियों से संबंधित जानकारी जुटा रही है। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे में हताहत और लापता लोगों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल दो लापता लोगों की तलाश जारी है।