चम्पावत में दो दिवसीय कीवी महोत्सव का समापन, खेत में किसानों को सिखाईं उत्पादन की तकनीकें
‘कीवी मैन’ भवान सिंह कोरंगा ने बेलों की कटाई-छंटाई, पोषण और रोग नियंत्रण का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण
उद्यान विभाग के तकनीकी कार्मिकों ने भी लिया प्रशिक्षण, वैज्ञानिक खेती से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
चम्पावत। किसानों की आय बढ़ाने और उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय कीवी महोत्सव का बुधवार को समापन हो गया। महोत्सव के अंतिम दिन गिरी एप्पल एवं कीवी फार्म में किसानों और उद्यान विभाग के तकनीकी कार्मिकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। ‘कीवी मैन’ के नाम से प्रसिद्ध बागेश्वर के प्रगतिशील कीवी उत्पादक भवान सिंह कोरंगा ने खेत में पौधों की देखभाल और उत्पादन की आधुनिक तकनीकें सिखाईं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने की पहल के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में उद्यान विभाग ने तीन और चार नवंबर को दो दिवसीय कीवी महोत्सव का आयोजन किया। महोत्सव के दूसरे दिन सुबह सात से दस बजे तक आयोजित प्रशिक्षण में मुख्य प्रशिक्षक भवान सिंह कोरंगा ने किसानों और उद्यान विभाग के तकनीकी कार्मिकों को कीवी उत्पादन की वैज्ञानिक विधियों की जानकारी दी।



खेत में प्रदर्शन कर सिखाईं आधुनिक तकनीकें
प्रशिक्षण के दौरान भवान सिंह कोरंगा ने कीवी की बेलों पर प्रदर्शन करते हुए कटाई-छंटाई और पौधों की उचित देखभाल की विधियां समझाईं। उन्होंने पौधों को आवश्यक पोषण देने, रोगों एवं कीटों से बचाव, फलों की तुड़ाई और तुड़ाई के बाद उनके उचित रखरखाव की जानकारी भी दी। प्रशिक्षण में कीवी की खेती कर रहे प्रगतिशील किसानों के साथ ही इस खेती को अपनाने के इच्छुक किसानों ने भी प्रतिभाग किया। इस दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं और सवाल रखे, जिनका प्रशिक्षक ने व्यावहारिक समाधान बताया।
वैज्ञानिक खेती से बढ़ेगी किसानों की आय
जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट ने बताया कि खेत में प्रशिक्षण देने का उद्देश्य किसानों को ऐसी तकनीकों से परिचित कराना है, जिन्हें वे अपने बगीचों में आसानी से अपना सकें। पौधों की सही देखभाल और वैज्ञानिक विधियों के उपयोग से उत्पादन एवं फल की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है। इससे किसानों को बेहतर बाजार मूल्य मिलने और आय बढ़ने की संभावनाएं मजबूत होंगी। समापन अवसर पर जिला उद्यान अधिकारी ने मुख्य प्रशिक्षक भवान सिंह कोरंगा, प्रशिक्षण में शामिल किसानों और उद्यान विभाग के तकनीकी कार्मिकों का आभार व्यक्त किया।

