उत्तर प्रदेशउत्तराखण्डक्राइमनवीनतम

सात दिन बाद गंगा से मिला कारोबारी का शव, स्टाफ को सौंपा था पांच पन्नों का सुसाइड नोट

ख़बर शेयर करें -

पत्नी ने दोस्तों पर मानसिक प्रताड़ना का लगाया आरोप, रिजॉर्ट की जमीन और पैसों के लेनदेन को लेकर था विवाद

ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश से एक दुखद खबर सामने आई है। गंगा भोगपुर तल्ला स्थित पनाम्बी रिजॉर्ट एंड स्पा का संचालन करने वाले ग्रेटर नोएडा निवासी कारोबारी नीरज गुप्ता (52) का शव सात दिन बाद गंगा नदी से बरामद किया गया है। कारोबारी के लापता होने के बाद से पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी थीं। शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया है।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा निवासी नीरज गुप्ता ऋषिकेश के भोगपुर तल्ला स्थित पनाम्बी रिजॉर्ट एंड स्पा का संचालन करते थे। बीते सात दिनों से वह लापता चल रहे थे। लापता होने से पहले उन्होंने रिजॉर्ट के एक कर्मचारी को पांच पन्नों का सुसाइड नोट सौंपा था। इसमें एक पन्ने पर आत्महत्या का जिक्र किया गया था, जबकि अन्य पन्नों में विभिन्न जानकारियां लिखी हुई थीं। नीरज की तलाश के दौरान गंगा नदी के किनारे उनके जूते और घड़ी बरामद हुए थे। इसके बाद पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों ने गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। सात दिन तक चले तलाशी अभियान के बाद उनका शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पत्नी ने दोस्तों पर लगाए प्रताड़ना के आरोप

मृतक की पत्नी विनीता गुप्ता के अनुसार, उन्होंने 27 अक्टूबर 2026 को लक्ष्मणझूला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने नीरज के दोस्त रवि बजाज, गगन बत्रा समेत कुछ अन्य लोगों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। शिकायत के मुताबिक, रिजॉर्ट की जमीन की खरीद-फरोख्त और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। पत्नी ने इन विवादों को लेकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फिलहाल आरोपों की जांच जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।