उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतम

उत्तराखंड गौरव सम्मान-2026: 15 विभूतियों को मिलेगा राज्य का सर्वोच्च सम्मान, स्थापना दिवस पर होगा सम्मान समारोह

ख़बर शेयर करें -

मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को मरणोपरांत सम्मान, खेल, कला, चिकित्सा, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र की हस्तियों को भी मिलेगा पुरस्कार

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाली 15 विभूतियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया जाएगा। चयनित महानुभावों को 9 नवंबर को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में सम्मान प्रदान किया जाएगा।

Ad Ad

राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष योगदान देने वाली इन विभूतियों को सम्मानित करने के लिए चयन किया गया है। राजनीतिक एवं शासकीय क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को मरणोपरांत उत्तराखंड गौरव सम्मान दिया जाएगा। चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. जीवन सिंह तितियाल, उद्यमिता के क्षेत्र में मनमोहन भारद्वाज और फिल्म जगत से हिमानी शिवपुरी को सम्मानित किया जाएगा। लोक जागर गायिका हेमा नेगी करासी तथा शिक्षा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को भी पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। सामाजिक क्षेत्र में अनीता थपलियाल शर्मा और कश्मीर सिंह को सम्मानित किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में पर्यावरणविद सुरेश भाई को उत्तराखंड गौरव सम्मान मिलेगा। लोक गायिका रेशमा शाह को भी सम्मानित किया जाएगा। खेल के क्षेत्र में एकता बिष्ट, वंदना कटारिया, अंकिता ध्यानी, निकिता चंद और कपिल पोखरिया को उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 के लिए चयनित किया गया है।

9 नवंबर को मनाया जाएगा राज्य स्थापना दिवस

उत्तराखंड का स्थापना दिवस प्रतिवर्ष 9 नवंबर को मनाया जाता है। इस अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न सांस्कृतिक एवं सरकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस वर्ष देहरादून के परेड ग्राउंड में राज्य स्थापना दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होगा। राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों को लेकर राजधानी देहरादून में तैयारियां तेज हो गई हैं। सरकार और शासन स्तर पर समारोह को भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मुख्य समारोह में उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार प्रदान किए जाने के साथ ही प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।