नवीनतमपिथौरागढ़हादसा

चीन सीमा को जोड़ने वाली बीआरओ सड़क पर टूटी विशाल चट्टान, सोबला-ढाकर मार्ग बंद; 17 सड़कें ठप

ख़बर शेयर करें -

सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच चीन सीमा को जोड़ने वाली सामरिक महत्व की सोबला-ढाकर सड़क पर विशालकाय चट्टान टूटने से मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। पंगबावे क्षेत्र में हुए भूस्खलन के बाद सड़क पर भारी बोल्डर और मलबा जमा हो गया है। बीआरओ ने राहत कार्य शुरू कर दिया है और मौसम अनुकूल रहने पर बुधवार तक सड़क बहाल होने की उम्मीद जताई है।

पिथौरागढ़। लगातार बारिश के चलते चीन सीमा को जोड़ने वाली सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सोबला-ढाकर सड़क पर बड़ा भूस्खलन हुआ है। पंगबावे क्षेत्र में अचानक पहाड़ी दरकने से विशालकाय चट्टान टूटकर सड़क पर आ गिरी, जिससे मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई वाहन या व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया और कोई जनहानि नहीं हुई।

Ad Ad

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण पहले से ही पंगबावे क्षेत्र में दो स्थानों पर सड़क बाधित थी। ताजा भूस्खलन के बाद अब तीन जगहों पर भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा जमा हो गया है, जिससे आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीम मशीनों और मजदूरों के साथ मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। सुरक्षा को देखते हुए स्थानीय वाहन चालकों और आम लोगों से फिलहाल इस मार्ग पर आवाजाही न करने की अपील की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि चट्टान काफी बड़ी है, इसलिए सड़क खोलने में समय लग सकता है। हालांकि यदि मौसम ने साथ दिया तो बुधवार तक मार्ग को यातायात के लिए खोलने की उम्मीद है। यह सड़क चीन सीमा तक पहुंचने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, इसलिए इसके बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ सुरक्षा एजेंसियों और सेना की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। मार्ग बंद होने से कई वाहन रास्ते में फंस गए हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर ने बताया कि जिले में लगातार बारिश के कारण वर्तमान में 17 सड़कें बंद हैं। सभी मार्गों को जल्द से जल्द खोलने के लिए संबंधित विभागों की टीमें लगातार कार्य कर रही हैं।