देहरादून में दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर से सनसनी, बुजुर्ग दंपति और घरेलू सहायिका की हत्या
प्लंबर पर पेचकस से हमला करने का आरोप, भागते समय स्थानीय लोगों ने पकड़ा; पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही
देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। एक घर में घुसे युवक ने बुजुर्ग दंपति और उनकी घरेलू सहायिका पर कथित तौर पर पेचकस से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और 45 वर्षीय घरेलू सहायिका शीला के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि हिरासत में लिया गया युवक प्लंबर का काम करता है और कपूर दंपति से परिचित था। बताया जा रहा है कि प्लंबिंग के काम के सिलसिले में दंपति ने उसे घर बुलाया था।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक काम पूरा होने के बाद किसी बात को लेकर आरोपी और कपूर दंपति के बीच विवाद हो गया। इसके बाद युवक ने कथित तौर पर पेचकस से हमला कर दिया। कपूर दंपति विष्णु लोक कॉलोनी के मकान नंबर 16 में रहते थे।
पड़ोस में रहने वाली भारती भंडारी के मुताबिक, दोपहर करीब तीन बजे उन्हें कपूर दंपति के घर से शोर-शराबे की आवाज सुनाई दी। बाहर आने पर उन्होंने एक युवक को घर में काम करने वाली महिला पर पेचकस से हमला करते हुए देखा। भारती के शोर मचाने पर आरोपी उनकी ओर भी दौड़ा। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
लोगों को अपनी ओर आता देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन घर के बाहर मौजूद एक व्यक्ति और अन्य लोगों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। पड़ोसी विष्णु राणा के अनुसार, आरोपी के कपड़ों पर खून लगा हुआ था। स्थानीय लोगों ने घर के भीतर जाकर देखा तो तीनों गंभीर हालत में पड़े थे और वहां खून बिखरा हुआ था। मौके से पेचकस भी बरामद हुआ।
पड़ोसियों के मुताबिक, आरोपी के पास से बुजुर्ग महिला की चेन बरामद होने की बात भी सामने आई है। हालांकि घटना में लूट या किसी अन्य मकसद की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
मौके पर पहुंचे SSP देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि विष्णु लोक कॉलोनी में बुजुर्ग दंपति की हत्या की सूचना मिली थी। घर में काम करने वाली महिला पर भी पेचकस से हमला किया गया था। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतक रमेश कपूर BHEL से सेवानिवृत्त थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि रमेश कपूर और रजनी कपूर के दो बेटे हैं, जो पुणे और दिल्ली में रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। वारदात के बाद विष्णु लोक कॉलोनी में दहशत का माहौल है।

