उत्तराखण्डक्राइमनवीनतमनैनीताल

मुक्तेश्वर में छात्राओं से छेड़छाड़, लड़कियों ने किया काउंटर अटैक, मनचलों को पीटा, बिच्छू घास लगाई

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल। जनपद के मुक्तेश्वर क्षेत्र में छात्राओं से छेड़छाड़ और अभद्रता करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाहरी क्षेत्र से आए दो युवकों ने गांव की युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। युवतियों ने विरोध करते हुए दोनों युवकों को बीच सड़क पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए और युवकों की जमकर धुनाई की। बताया जा रहा है कि युवकों का मुंह काला कर उन्हें बिच्छू घास भी लगाई गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह गांव की कुछ छात्राएं स्कूल और बाजार की ओर जा रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान बाहरी क्षेत्र से आए दो युवकों ने उनके साथ अभद्र टिप्पणियां कीं और छेड़छाड़ की। पहले छात्राओं ने उनकी हरकतों को नजरअंदाज किया, लेकिन जब अभद्रता बढ़ गई तो उन्होंने साहस दिखाते हुए दोनों युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी।

Ad Ad

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ग्रामीणों ने भी दोनों युवकों की पिटाई की। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवकों का मुंह काला किए जाने और उन्हें बिच्छू घास लगाए जाने का भी दावा किया जा रहा है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने नहीं की है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों युवक कहां के रहने वाले हैं और गांव में किस उद्देश्य से आए थे।

एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा ने बताया कि छात्राओं के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि युवक दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं पुलिस ने लोगों से किसी भी वायरल वीडियो के आधार पर निष्कर्ष निकालने से बचने और जांच पूरी होने का इंतजार करने की अपील की है।