नवीनतम

चम्पावत पुलिस की त्वरित कार्रवाई: अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरा कैंटर, मलबे में फंसे चालक का सुरक्षित रेस्क्यू

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। चम्पावत जनपद में पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से एक बार फिर एक अनमोल जिंदगी बचा ली गई है। शनिवार, 30 मई 2026 की सुबह चल्थी क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां गाजियाबाद से पिथौरागढ़ की ओर जा रहा एक कैंटर वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसका चालक केबिन के मलबे में ही जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए बुरी तरह फंस गया। घटना की जानकारी होे ही चल्थी चौकी की पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए स्थानीय लोगों के साथ मिलकर एक अत्यंत साहसिक और त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाया, जिसके चलते चालक को मलबे से सुरक्षित बाहर निकालकर समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के सुबह लगभग 05:30 बजे स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि सिन्याड़ी से करीब एक किलोमीटर आगे चल्थी की ओर एक कैंटर मोड़ पर अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे सड़क से नीचे गहरी खाई में समा गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन की पहचान कैंटर संख्या UP37AT-7665 के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद से पिथौरागढ़ की ओर जा रहा था। सूचना मिलते ही चौकी चल्थी की पुलिस टीम बिना एक पल गंवाए तत्काल मौके पर रवाना हुई। घटना स्थल पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि 22 वर्षीय वाहन चालक अनस, पुत्र खान मोहम्मद, निवासी चुरावत (थाना गुलावटी, जनपद बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश) गंभीर रूप से घायल अवस्था में क्षतिग्रस्त केबिन के भीतर फंसा हुआ था और दर्द से कराह रहा था। गंभीर स्थिति को देखते हुए सब-इंस्पेक्टर राकेश कठायत के नेतृत्व में पुलिस टीम के कांस्टेबल कुलदीप, कांस्टेबल हरीश जोशी और कांस्टेबल चंद्र सामंत ने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से तुरंत एक संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। खाई की गहराई और मलबे की स्थिति के कारण अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने साहस का परिचय देते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद घायल चालक को स्ट्रेचर की मदद से बेहद सावधानीपूर्वक मुख्य सड़क तक ऊपर लाया गया। मुख्य सड़क पर आते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा के जरिए उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय टनकपुर भिजवाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। स्थानीय जनता ने पुलिस टीम की इस त्वरित कार्रवाई और मानवीय चेहरे की जमकर सराहना की है।

Ad Ad
Ad Ad

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड