चंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर में लावारिस हालत में मिलीं चम्पावत की बुजुर्ग महिला, पुलिस ने परिजनों से मिलाया

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। मनिहारगोठ क्षेत्र में लावारिस और असहाय अवस्था में मिली एक बुजुर्ग महिला को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस संवेदनशील कार्यवाही की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

जानकारी के अनुसार बुधवार को मनिहारगोठ क्षेत्र में एक वृद्ध महिला लावारिस हालत में घूमती हुई दिखाई दी, जिसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम महिला को चौकी मनिहारगोठ लेकर आई, जहां 108 एंबुलेंस के माध्यम से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। साथ ही उन्हें भोजन कराकर धैर्यपूर्वक उनके नाम-पते और परिजनों के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन महिला स्पष्ट रूप से कुछ बता नहीं पा रही थीं।

Ad Ad

इसके बाद पुलिस ने महिला का फोटो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा कर पहचान कराने का प्रयास किया। जांच के दौरान पता चला कि महिला का नाम नेमवती देवी, पत्नी स्वर्गीय धीरज लाल, निवासी मुख्य बाजार चम्पावत है। इसके बाद कोतवाली चम्पावत पुलिस से समन्वय कर महिला के परिजनों से वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क कराया गया।
सुरक्षा की दृष्टि से महिला को थाने में महिला कांस्टेबल की देखरेख में रखा गया। इसके बाद महिला के पुत्र उमेश कुमार के आने पर उन्हें सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। पुत्र ने बताया कि उनकी माता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह करीब 8 से 10 दिन पहले बिना बताए घर से कहीं चली गई थीं। अपनी माता को सुरक्षित पाकर उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। इस कार्यवाही में उप निरीक्षक तेज कुमार (चौकी इंचार्ज मनिहारगोठ), हेड कांस्टेबल सीमा यादव और कांस्टेबल दीपक सिंह शामिल रहे।

Ad Ad