क्राइमचंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमबनबसा

बनबसा में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में मुख्य आरोपी समेत 4 गिरफ्तार, नेपाल भागने की फिराक में पुलिस ने दबोचा

ख़बर शेयर करें -

बनबसा/चम्पावत। उत्तराखंड के चम्पावत जनपद अंतर्गत बनबसा क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह सनसनीखेज मामला तब उजागर हुआ जब पीड़िता के गर्भवती होने और प्रसव के दौरान नवजात की मृत्यु होने की जानकारी सामने आई।

थानाध्यक्ष बनबसा सुरेन्द्र सिंह कोरंगा ने बताया कि थाना बनबसा में दर्ज एफआईआर संख्या 46/2026 के तहत पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस टीम ने सोमवार सुबह लगभग 07:50 बजे भारत-नेपाल सीमा के पास शारदा नहर (एनएचपीसी क्षेत्र) के नजदीक कैनाल गेट से नेपाल रोड पर करीब 200 मीटर आगे घेराबंदी कर चारों आरोपियों को दबोच लिया।

Ad Ad

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी अरमान (19 वर्ष) निवासी रेलवे कॉलोनी, गफूर बस्ती टनकपुर, उसका रिश्तेदार रईसुद्दीन (29 वर्ष) तथा परिवार की दो महिला सदस्य हिना (38 वर्ष) और अफरोजा (60 वर्ष) शामिल हैं। पूछताछ में पता चला कि सभी आरोपियों को इस गंभीर मामले की पूरी जानकारी थी और वे कानून के शिकंजे से बचने के लिए नेपाल की ओर भागने का प्रयास कर रहे थे। कार्रवाई के तहत मुख्य आरोपी अरमान के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5), 88, 64, 91, 238(ख) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(j)(ii) एवं 6 के तहत कड़ी कार्रवाई की गई है, जबकि अन्य गिरफ्तार सह-आरोपियों पर धारा 3(5), 88, 91 एवं 238(ख) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तारी की समस्त वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपियों को गिरफ्तारी मेमो व सूचना अधिकार की प्रति उपलब्ध कराई और आवश्यक हस्ताक्षर व अंगूठा निशान लेने के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रियंका मौर्या, कांस्टेबल धीरेंद्र सिंह बिष्ट, उमेश प्रसाद, पंकज सजवान, चंद्रा आर्या तथा चालक कांस्टेबल अनिल कुमार शामिल रहे। पुलिस के मुताबिक प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों की गहन जांच और मामले की विवेचना जारी है, वहीं पीड़िता को चिकित्सीय निगरानी में रखकर उसका उपचार किया जा रहा है।

गिरफ्तार अभियुक्त …

1— अरमान (पुरुष) पिता: अहमद नूर उम्र: लगभग 19 वर्ष पता: वार्ड नं. 4, रेलवे कॉलोनी, पानी की टंकी के पास, गफूर बस्ती, टनकपुर, ps banbasa जनपद चम्पावत
— गिरफ्तारी धाराएँ: BNS 3(5)/88/64/91/238(ख) तथा पॉक्सो 5(j)(ii)/6

2— रईसुद्दीन (पुरुष) (अरमान का फुफा)पिता: नत्थू बख्श उम्र: लगभग 29 वर्ष मूल पता: पिपलिया भजा, थाना गजरौला, जिला पीलीभीत (UP) हाल पता: उपरोक्त टनकपुर वाला पता
— गिरफ्तारी धाराएँ: BNS 3(5)/88/91/238(ख) (नोट: धारा 64 नहीं)

3— हिना (महिला) (अरमान की मां)पति: अहमद नूर· उम्र: 38 वर्ष पता: वार्ड नं. 4, रेलवे कॉलोनी, टनकपुर
— गिरफ्तारी धाराएँ: BNS 3(5)/88/91/238(ख)

4— अफरोजा (महिला)(अरमानकी दादी) पति: स्वर्गीय जहूर उम्र: 60 वर्ष पता: वार्ड नं. 4, रेलवे कॉलोनी, टनकपुर
— गिरफ्तारी धाराएं: BNS 3(5)/88/91/238(ख)