चंपावतजनपद चम्पावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर में 14.25 करोड़ के मीडिया सेंटर का भूमि पूजन, एक साल में तैयार करने का लक्ष्य

ख़बर शेयर करें -

दो कम्युनिटी हॉल, आधुनिक मीडिया सेंटर और वीआईपी गेस्ट हाउस से लैस होगा भवन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा धरातल पर उतरी, 1425.52 लाख रुपये की लागत से होगा निर्माण

टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत टनकपुर में 14 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मीडिया सेंटर एवं गेस्ट हाउस का बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। पत्रकारों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लोक निर्माण विभाग ने परियोजना को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

Ad Ad

मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में स्वीकृत इस परियोजना की कुल लागत 1425.52 लाख रुपये है। भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, मनोज कालाकोटी, किरन देवी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, जनप्रतिनिधियों, सूचना विभाग और प्रेस-मीडिया प्रतिनिधियों ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषित योजना का भूमि पूजन संपन्न हो गया है। परियोजना को पूरा करने के लिए एक वर्ष की समयसीमा निर्धारित की गई है। विभाग का प्रयास रहेगा कि निर्माण कार्य निर्धारित समय से पहले पूरा कर भवन का उद्घाटन कराया जाए।

दो कम्युनिटी हॉल और चार सुइट्स से लैस होगा भवन

अधिशासी अभियंता ने बताया कि प्रस्तावित भवन के भूतल पर दो कम्युनिटी हॉल बनाए जाएंगे। इसके ऊपर प्रथम तल पर अत्याधुनिक मीडिया सेंटर विकसित किया जाएगा, जहां पत्रकारों के बैठने और कार्य करने की समुचित व्यवस्था होगी। भवन की ऊपरी दो मंजिलों में वीआईपी गेस्ट हाउस बनाए जाएंगे। इनमें चार सुइट्स और दो सामान्य गेस्ट हाउस शामिल होंगे।

विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चम्पावत आदर्श चम्पावत की परिकल्पना की ओर अग्रसर है। मीडिया सेंटर का निर्माण पत्रकारों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगा। इससे टनकपुर सहित पूरे पर्वतीय क्षेत्र की खबरों के संकलन और कवरेज में सुविधा मिलेगी। भवन में पार्किंग, मीडिया हॉल, कम्युनिटी हॉल और गेस्ट हाउस की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

सरकार और मीडिया के बीच संवाद होगा मजबूत

मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। पत्रकारों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मीडिया सेंटर जैसी महत्वपूर्ण योजना को स्वीकृति दी गई है।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मीडिया सेंटर के निर्माण से सरकार, मीडिया और आम जनता के बीच आपसी तालमेल एवं संवाद को मजबूती मिलेगी। पत्रकारों को बेहतर कार्यस्थल और ठहरने की सुविधा मिलने से क्षेत्रीय समाचारों के संकलन में भी मदद मिलेगी।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष बनबसा रेखा देवी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, मंडल अध्यक्ष टनकपुर तुलसी कुंवर, मंडल अध्यक्ष बनबसा कमलेश भट्ट, अपर जिला सूचना अधिकारी आशा गोस्वामी, वरिष्ठ पत्रकार एवं जिला पत्रकार संगठन अध्यक्ष चंद्र बल्लभ ओली, महामंत्री गिरीश बिष्ट सहित प्रेस-मीडिया प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।