चम्पावत : जनता मिलन में 139 शिकायतें, डीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
मुख्यमंत्री के निर्देशों पर आयोजित कार्यक्रम में सुनीं जनसमस्याएं, मौके पर 9 लाभार्थियों के बने आयुष्मान कार्ड
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 139 आवेदन प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान 9 लाभार्थियों के मौके पर आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में अधिकारी अनावश्यक विलंब न करें और संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करें। पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। जनता मिलन में सोलर लाइट स्थापना, फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ एवं चेनलिंक फेंसिंग, प्रधानमंत्री आवास योजना, सुरक्षा दीवार निर्माण, आर्थिक सहायता, राशन कार्ड, पशुपालन, सड़क और पेयजल से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं।
कार्यक्रम में दिव्यांग सुंदर सिंह तथा मुड़ियानी निवासी ममता देवी ने अपने दिव्यांग पुत्र हिमांशु रावत के उपचार एवं आर्थिक सहायता की मांग रखी। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उपचार संबंधी आवश्यक कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आर्थिक सहायता के आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। ग्रामसभा हरम, मंच निवासी शंकर सिंह ने पेयजल की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।


मौराड़ी निवासी लक्ष्मीदत्त जोशी, नरसिंह डांडा निवासी कमला देवी, लड़ाबोरा अमोड़ी निवासी मुकेश सिंह नेगी, लोहाघाट निवासी अनिल राय तथा अर्जुन सिंह और सुंदरी देवी ने आर्थिक सहायता के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। वहीं अजय नरियाल ने फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ की मांग रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पात्रता एवं प्रचलित प्रावधानों के अनुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन पर नियमित फॉलोअप करने और शिकायतकर्ताओं को निस्तारण की स्थिति से अवगत कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, ताकि आमजन को समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग विभोर गुप्ता तथा परियोजना प्रबंधक यूयूएसडीए अंकित आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

