उधमसिंह नगरनवीनतमनैनीतालहादसा

भीषण सड़क हादसे ने उजाड़ दिए दो परिवार, तीन बहनों का इकलौता भाई और ग्राम विकास अधिकारी भी काल के गाल में समाया

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल; कालाढूंगी और रुद्रपुर में पसरा मातम

हल्द्वानी। रामपुर रोड पर बेलबाबा के पास सोमवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे में ग्राम विकास अधिकारी समेत दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान कालाढूंगी निवासी ग्राम विकास अधिकारी सौरभ बिष्ट (29) और रुद्रपुर के समपुरा निवासी राजीव गुप्ता (29) के रूप में हुई है। हादसे की खबर से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब सात बजे रामपुर रोड पर बेलबाबा के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि राजीव गुप्ता अपनी भांजी भावना की शादी का कार्ड बांटकर अपने बहनोई प्रेम शंकर के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक पर भी दो लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में सौरभ बिष्ट और राजीव गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रेम शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

तीन बहनों का इकलौता भाई था सौरभ, मां का सहारा भी छिना

हादसे में जान गंवाने वाले सौरभ बिष्ट की असमय मौत ने कालाढूंगी में हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। सौरभ तीन बहनों के इकलौते भाई थे। उनके पिता कुंदन बिष्ट का कई वर्ष पहले निधन हो गया था। पिता के निधन के बाद मां किसनी देवी ने बेहद कठिन परिस्थितियों में अपने बच्चों का पालन-पोषण किया। तीनों बहनों की शादी हो चुकी थी, जबकि सौरभ अभी अविवाहित थे। मेहनत और लगन के दम पर सौरभ ने परिवार के लिए बेहतर भविष्य की उम्मीद जगाई थी। करीब एक वर्ष पूर्व उनका चयन ग्राम विकास अधिकारी के पद पर हुआ था। वर्तमान में उनकी तैनाती बेतालघाट में थी।

सरकारी नौकरी मिलने के बाद परिवार को सौरभ से काफी उम्मीदें थीं। मां के बुढ़ापे का सहारा और तीन बहनों के इकलौते भाई की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस बेटे के सहारे मां ने जीवन की कठिनाइयां पार करने का सपना देखा था, उसकी असमय विदाई से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

भांजी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे थे राजीव, घर में मचा कोहराम

दूसरी ओर, रुद्रपुर निवासी राजीव गुप्ता की मौत से उनके परिवार की खुशियां भी मातम में बदल गईं। राजीव अपनी भांजी भावना की शादी का कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे। परिजनों के मुताबिक, भावना की शादी 15 नवंबर को होनी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था।

लेकिन जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां राजीव की मौत की खबर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। बेटे की असमय मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की खुशियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

एसपी सिटी हरबंस सिंह के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों के शव मोर्चरी भिजवा दिए गए हैं। घायल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और दोनों बाइकों की भिड़ंत की वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है। हादसे की खबर से कालाढूंगी और रुद्रपुर क्षेत्र में शोक की लहर है।