चंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर पालिका बोर्ड बैठक में कैंटीन नीलामी पर हंगामा, माइक-कुर्सी और पत्रावली फेंकने का आरोप

ख़बर शेयर करें -

नेहरू पार्क की कैंटीन को नीलामी से किराये पर देने के प्रस्ताव पर विवाद, वार्ड सात के सभासद चर्चित शर्मा पर हंगामा करने का आरोप; पालिकाध्यक्ष ने बैठक अग्रिम तिथि तक की स्थगित

टनकपुर/चम्पावत। नगर पालिका परिषद टनकपुर की बोर्ड बैठक में नेहरू पार्क स्थित कैंटीन को नीलामी के माध्यम से किराये पर देने के प्रस्ताव को लेकर विवाद हो गया। वार्ड संख्या सात के सभासद चर्चित शर्मा ने कैंटीन नीलामी के मुद्दे पर हंगामा किया। इस दौरान पालिका सभाकक्ष में माइक, कुर्सी और पत्रावली फेंके जाने का आरोप भी लगाया गया है। विवाद के चलते पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार को बोर्ड बैठक अग्रिम तिथि तक स्थगित करनी पड़ी।

Ad Ad

सोमवार, 2 नवंबर को सुबह 11 बजे पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार की अध्यक्षता में पालिका बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल ने किया। बैठक में नगर के विकास, सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बोर्ड बैठक में नेहरू पार्क स्थित कैंटीन के समीप निर्मित दीवार तोड़कर मार्ग बनाने और कैंटीन को नीलामी के माध्यम से किसी निजी अथवा अन्य संस्था को किराये पर देकर संचालित कराने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

प्रस्ताव पारित होने के बाद सभासद चर्चित शर्मा द्वारा कैंटीन को बिना नीलामी प्रक्रिया के किसी व्यक्ति विशेष को दिए जाने की मांग को लेकर हंगामा किए जाने का आरोप लगाया गया है। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान सभाकक्ष में माइक, कुर्सी और पत्रावली फेंकी गईं। स्थिति को देखते हुए पालिकाध्यक्ष ने बैठक को अग्रिम तिथि तक स्थगित कर दिया।

स्वच्छता से लेकर सौंदर्यीकरण तक कई प्रस्ताव पारित

बैठक में क्रेशर रोड स्थित डंपिंग जोन में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के अनुपालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने और संयंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके साथ ही गीले, सूखे, घरेलू हानिकारक और सैनिटरी कचरे के लिए चार प्रकार के डस्टबिन खरीदकर वितरित किए जाने पर सहमति बनी। नगर के सौंदर्यीकरण और विकास को लेकर शास्त्री पार्क के पुनर्विकास, सौंदर्यीकरण एवं प्रकाश व्यवस्था, तुलसी राम चौराहे का सौंदर्यीकरण और नगर क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर तिरंगा लाइट लगाने के प्रस्ताव भी पारित किए गए। इसके अलावा नगर के चिन्हित स्थानों पर फैन्सी पोल और विभिन्न स्थानों पर यूनिपोल स्थापित करने, आवश्यकतानुसार बोतल क्रशर मशीन लगाने तथा उपजिला चिकित्सालय में इलेक्ट्रिक इंसिनरेटर स्थापित करने का प्रस्ताव शामिल रहा।

दीपावली पर बाजार में होगी विशेष सजावट

दीपावली पर्व को देखते हुए नगर के मुख्य बाजार में कलर लाइट और ध्वनि विस्तारक यंत्रों की व्यवस्था करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके साथ ही बाजार में दो गेट और गांधी मैदान में एक गेट स्थापित किए जाने पर भी सहमति बनी। पालिका कार्यालय के पूर्वी दिशा में खाली पड़ी भूमि पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था के लिए टीन शेड निर्माण का प्रस्ताव भी बोर्ड बैठक में पारित किया गया। बैठक में सभासद दिनेश कुमार, हसीब अहमद, दिलदार अली, वकील अहमद, वर्षा शर्मा, सव्या बाल्मीकि, चर्चित शर्मा, आशा भट्ट, बबीता वर्मा, शैलेन्द्र सिंह और सविता बिष्ट के साथ नामित सदस्य रीता कलखुड़िया, निगम गुप्ता, मुकेश साहू और धर्मपाल आर्य मौजूद रहे। इसके अलावा पालिका के वरिष्ठ सहायक विनोद चन्द्र बिष्ट, सहायक लेखाकार अजय सजवान और वरिष्ठ लिपिक बसंत राज चन्द भी उपस्थित रहे।