क्राइमनवीनतमबागेश्वर

लापता अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार का गोमती नदी किनारे मिला शव, 17 अक्टूबर से चल रही थी तलाश

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर के थुणाई क्षेत्र में बरामद हुआ पूर्व सभासद का शव, मौत की वजह तलाशने में जुटी पुलिस

बागेश्वर। कई दिनों से लापता चल रहे वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व सभासद धीरेंद्र परिहार उर्फ कक्कू परिहार का शव मंगलवार को थुणाई क्षेत्र में गोमती नदी के किनारे बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अधिवक्ता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

Ad Ad

थुणाई के समीप गोमती नदी के किनारे शव मिलने के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के विभिन्न थानों से पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम को भी मौके पर भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय धीरेंद्र परिहार बीते 17 अक्टूबर की शाम घर से बाजार जाने के लिए निकले थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया था। काफी इंतजार के बाद 31 अक्टूबर को उनकी मां नंदी परिहार ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई थी। धीरेंद्र के अचानक लापता होने के बाद से ही परिजन, परिचित और स्थानीय लोग उनकी तलाश को लेकर चिंतित थे। पुलिस भी लगातार उनकी खोजबीन में जुटी हुई थी।

शव बरामद होने के बाद पुलिस मामले की आगे की जांच में जुट गई है। घटनास्थल पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अधिवक्ता की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। धीरेंद्र परिहार का शव मिलने की खबर से बागेश्वर क्षेत्र में शोक का माहौल है।