नवीनतमहरिद्वारहादसा

पुलिस की गश्ती गाड़ी को ट्रक ने मारी टक्कर, 200 मीटर तक घिसटती चली गई कार; SSI गंभीर घायल

ख़बर शेयर करें -

रात करीब 11 बजे हुआ भीषण हादसा, क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे पुलिसकर्मियों को कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया

लक्सर/हरिद्वार। हरिद्वार जिले के लक्सर में तेज रफ्तार ट्रक ने गश्त कर रही पुलिस टीम की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस का वाहन ट्रक के साथ करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। हादसे में लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई) राजेश बिष्ट गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Ad

जानकारी के अनुसार, घटना बीती देर रात करीब 11 बजे की है। पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पुलिसकर्मी अंदर फंस गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने राहत एवं बचाव कार्य में मदद की। ट्रैक्टर की सहायता से काफी मशक्कत के बाद दोनों वाहनों को अलग कराया गया और क्षतिग्रस्त पुलिस वाहन में फंसे कर्मियों को बाहर निकाला गया। घटना के समय पुलिस वाहन में एसएसआई राजेश बिष्ट, चालक कपिल देव, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और होमगार्ड मनोज कुमार सवार थे। हादसे में एसएसआई राजेश बिष्ट को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

लक्सर-रायसी मार्ग पर भी दिखा था रफ्तार का कहर

गौरतलब है कि बीते दिनों लक्सर-रायसी मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई थी। हादसे में एक महिला समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। महिला को लक्सर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जबकि अन्य पांच घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया था। इस हादसे में दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं। लगातार हो रहे सड़क हादसे क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों से सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रहे हैं।

Ad