क्राइमचंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत पुलिस के हत्थे चढ़ा अंतरराज्यीय साइबर ठग, अधिकारियों की फर्जी आईडी से मांगता था रुपये

ख़बर शेयर करें -

एसपी चम्पावत के नाम से फेसबुक और ट्विटर पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों से मांगता था रुपये, प्रतापगढ़ से दबोचा गया आरोपी

चम्पावत। अधिकारियों के नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी फेसबुक और ट्विटर आईडी बनाकर लोगों से ठगी करने वाले शातिर साइबर अपराधी को चम्पावत पुलिस ने उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु सहित कई राज्यों में साइबर ठगी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

Ad

मामला पुलिस अधीक्षक चम्पावत के नाम से फेसबुक और ट्विटर पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों से पैसों की मांग करने से जुड़ा है। प्रकरण में साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक प्रकाश भट्ट की तहरीर पर कोतवाली चम्पावत में आरोपी रवि सिंह निवासी अतरसण्ड, थाना कोहंडौर, जनपद प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) के खिलाफ एफआईआर संख्या 56/2026 दर्ज की गई थी। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66(C)(D) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।

क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण और एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव अतरसण्ड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

कई राज्यों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ साइबर ठगी और फर्जी पहचान से जुड़े मामले हरियाणा के पंचकूला, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश के मंडी और तमिलनाडु के सलेम सिटी में दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में भी उसके खिलाफ एक अन्य आपराधिक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

चम्पावत पुलिस की अपील

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी अधिकारी, परिचित या अन्य व्यक्ति की आईडी से पैसों की मांग किए जाने पर बिना पुष्टि किए धनराशि न भेजें। किसी भी फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

Ad