उत्तराखण्डनवीनतमपिथौरागढ़राजनीति

जौलजीबी मेले में सीएम धामी के सामने बवाल, विधायक हरीश धामी का माइक बंद करने पर भड़का विवाद

ख़बर शेयर करें -

मंच पर अधिकारियों से तीखी नोकझोंक, गाली-गलौज और तोड़फोड़ से मची अफरा-तफरी; 102.72 करोड़ की योजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास के बीच गरमाया माहौल

धारचूला/पिथौरागढ़)। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में शनिवार को उस समय भारी हंगामा हो गया, जब स्थानीय विधायक हरीश धामी को मंच से संबोधन का अवसर नहीं मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते तीखी नोकझोंक, गाली-गलौज और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। कार्यक्रम स्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Ad

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए 102.72 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देने की घोषणा की। ऐतिहासिक व्यापारिक और सांस्कृतिक पहचान रखने वाले इस मेले में छह साल बाद तिब्बती सामान की दुकानें लगने की उम्मीद से भी लोगों में खासा उत्साह था।

लेकिन समारोह के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब स्थानीय विधायक हरीश धामी मंच पर पहुंचे और संबोधन शुरू किया। इसी बीच उनका माइक बंद कर दिया गया। इससे विधायक भड़क उठे और मंच पर मौजूद अधिकारियों के साथ उनकी तीखी बहस शुरू हो गई।

विधायक हरीश धामी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह पहली बार है, जब किसी क्षेत्र के स्थानीय विधायक को अपने ही विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में बोलने का अवसर नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र का जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को सामने रखना उनका अधिकार है।

विधायक ने क्षेत्र में पूर्व में की गई घोषणाओं के धरातल पर नहीं उतरने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से विकास कार्यों के पूरा होने का इंतजार कर रही है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि उनकी बात सुने बिना ही मुख्यमंत्री कार्यक्रम से चले गए।

विधायक की नाराजगी के बाद मंच पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। इस दौरान अधिकारियों और विधायक पक्ष के बीच तीखी बहस, गाली-गलौज और तोड़फोड़ की स्थिति भी बनी। मेले में मौजूद लोगों के बीच भी अव्यवस्था फैल गई। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में स्थानीय विधायक को संबोधन का अवसर नहीं मिलने से शुरू हुआ यह विवाद अब क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय को लेकर भी सवाल खड़े कर रहा है।

Ad